लाडवा में भूमि पूजन व ध्वजा पूजन के साथ हुआ रामलीला मंच निर्माण का शुभारंभ, 4 अक्टूबर से होगा मंचन

लाडवा में भूमि पूजन व ध्वजा पूजन के साथ हुआ रामलीला मंच निर्माण का शुभारंभ, 4 अक्टूबर से होगा मंचन

भूमि पूजन व ध्वजा पूजन के साथ रामलीला मंच निर्माण का शुभारंभ

ध्वजारोहण होते ही जय श्रीराम के नारों से गूंजा रामलीला स्थल, 4 अक्तूबर से होगा रामलीला मंचन

लाडवा/ 26 सितंबर 2026 /मानव गर्ग/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लाडवा में श्री राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा की ओर से आगामी प्रभु श्री रामलीला मंचन की तैयारियों के तहत शनिवार को रामलीला स्थल पर विधिवत भूमि पूजन, ध्वजा पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रामलीला मंच निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

भूमि पूजन और हवन का आयोजन

भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम में समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी डा. सचिन गर्ग मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर रामलीला मंच निर्माण कार्य के सफल एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न होने की कामना की गई।

ध्वजारोहण और गूंजे जय श्रीराम के नारे

इसके बाद ध्वजा पूजन कर ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण होते ही पूरा रामलीला स्थल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

परंपराओं को आगे बढ़ाने का उद्देश्य

समिति के प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि प्रभु श्री रामलीला मंचन का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। समिति द्वारा रामलीला मंचन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

डॉ. सचिन गर्ग का संदेश

मुख्य यजमान डा. सचिन गर्ग ने कहा कि रामलीला मंचन भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य किया जाता है।

मंचन का समय और स्थान

समिति के अनुसार 4 अक्टूबर से रामलीला ग्राउंड, ठाकुरी देवी स्कूल लाडवा में रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक रामलीला मंचन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें। इस अवसर पर समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment