हरियाणा के करनाल में युवक की हत्या, शराब पार्टी के दौरान आरोपी ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

हरियाणा के करनाल में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला किया। जिससे युवक बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
मामला करनाल के असंध के गांव सालवन का है। मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय मयंक के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार देर रात मयंक और सालवन गांव का ही रहने वाला अरविंद उर्फ काका एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे।दोनों से साथ में खूब शराब पी। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोपी ने चाकू से किया हमला
जिसके बाद आरोपी अरविंद ने मयंक पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। वहीं इस हमले में मयंक बुरी तरह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए करनाल के अमृतधारा अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
**हत्या के बाद घर में चैन से सो गया हत्यारा
** इस घटना के बाद थाना असंध पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि आरोपी अरविंद उर्फ काका हत्या करने के बाद अपने भाई मनीष उर्फ राजपाल के घर गया और वहां आराम से सो गया।
पुलिस ने आरोपी को गांव सालवन में मनीष उर्फ राजपाल के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस अरविंद के साथ उसके भाई आशीष और मनीष को भी थाने ले गई और पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मयंक और अरविंद के बीच पहले भी लड़ाई हो चुकी थी। फिलहाल थाना असंध पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।