देश भर में 50 लाख से अधिक सरकारी पद खाली, युवा कांग्रेस ने शुरू किया मेरी डिग्री का क्या अभियान

देश भर में 50,05,850 सरकारी पद खाली: करणवीर सिंह ढिल्लों
सरकारी नौकरियों के सभी रिक्त पदों को एक वर्ष में भरने के लिए देशव्यापी अभियान की शुरुआत
एक वर्ष के भीतर पद न भरे जाने पर प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी
चंडीगढ़/17 सितंबर 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
भारतीय युवा कांग्रेस ने देश भर में स्वीकृत सरकारी रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर एक नया देशव्यापी अभियान शुरू किया है। इस अभियान का नाम मेरी डिग्री का क्या? रखा गया है। इस सिलसिले में चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
चंडीगढ़ में आयोजित की गई विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रेस कॉन्फ्रेंस को पंजाब यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष करणवीर सिंह ढिल्लों और सचिव राहुल कालिया ने संबोधित किया। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर इस मुहिम की शुरुआत के बाद अब पंजाब में भी इसकी औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस दौरान एक नई वेबसाइट भी लॉन्च की गई और भविष्य की रूपरेखा को साझा किया गया।
देश भर में रिक्त पड़े हैं 50 लाख से ज्यादा पद
करणवीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि देश के युवा भारी बेरोजगारी के कारण परेशान हैं। कम होते रोजगार के अवसरों ने युवाओं को निराश कर दिया है। निजी क्षेत्र में नौकरियां लगातार कम हो रही हैं। इसके बावजूद देश भर के सरकारी क्षेत्रों में 50,05,850 से अधिक स्वीकृत पद खाली पड़े हैं। सरकार इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से साफ इनकार कर रही है।
युवाओं और सार्वजनिक सेवाओं को होगा फायदा
इन 50 लाख स्वीकृत खाली पदों को भरने से देश के युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही स्कूलों और अस्पतालों जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवाओं में भी बुनियादी सुधार होगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत करते हुए युवा कांग्रेस ने एक बड़ा अंतर उजागर किया। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी डिग्रियां छिपाते हैं, जबकि देश के युवा कई डिग्रियां होने के बाद भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।
एक साल में पद न भरने पर प्रधानमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक वर्ष के भीतर सभी रिक्त पदों को नहीं भरा गया, तो वे प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेंगे। संगठन ने मांग की है कि प्रत्येक रिक्त पद के लिए एक समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए। साथ ही, भर्ती परीक्षाओं से लेकर अंतिम नियुक्तियों तक की पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। अगले एक साल तक नौकरी मार्च और डिग्री मार्च जैसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को लामबंद किया जाएगा।