लाडवा के गांव गादली में मिला युवक का शव, पत्नी ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप

गांव गादली में खंडहर पशु चिकित्सालय में युवक का शव मिलने से सनसनी, पत्नी ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
पानी की टंकी के पास मिला 29 वर्षीय दीपक का शव, पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगा मौत का कारण; पुलिस ने शुरू की जांच
लाडवा,/ 22 सितम्बर/मानव गर्ग/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
सोमवार देर शाम लाडवा ब्लॉक के गांव गादली में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव में स्थित एक खंडहरनुमा पशु चिकित्सालय में पानी की टंकी के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर रात लगभग 11 बजे लाडवा के सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लगभग 29 वर्षीय दीपक निवासी पखाना गांव, तरावड़ी क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीपक वर्तमान में लाडवा की गांव बड़ाचपुर कॉलोनी में रह रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक दीपक की पत्नी शालू ने लाडवा थाना पुलिस को दी लिखित शिकायत में अपने पति की मौत को सामान्य या अचानक हुई मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। शिकायत में उसने गांव गदली निवासी आशीष नामक व्यक्ति पर उसके पति दीपक की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि आशीष उसके पति का दोस्त था। उसका आरोप है कि आशीष ही दीपक को वहां लेकर गया था और घटना के बाद उसके पति को मौके पर छोडक़र फरार हो गया। पत्नी ने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं लाडवा पुलिस ने मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया।


पुलिस मामले की जांच कर रही है: इंस्पेक्टर देवेन्द्र
लाडवा थाना के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक दीपक की पत्नी शालू की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें गांव गादली निवासी आशीष पर उसके पति की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, मृतक के संपर्क में रहे लोगों और घटना के समय की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।