हरियाणा में तीन दिन बाद बदलेगा मौसम, बारिश को लेकर आ गया बड़ा अपडेट

हरियाणा में अक्टूबर के महीने में भी गर्मी बढ़ने लगी है। इन दिनों बारिश न होने से मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने तीन दिन बाद प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है।
तीन दिन बाद बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज मौसम साफ रहेगा। अधिकांश हिस्सों में दिन के समय तेज धूप खिली रहेगी और गर्मी थोड़ी बढ़ सकती है। अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है।
लेकिन इसके बाद 6 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 9 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
बारिश न होने से फिर बढ़ा तापमान
अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है। लेकिन प्रदेश में अभी भी गर्मी से राहत नहीं मिली है। इन दिनों बारिश न होने और दिन के समय तेज धूप से तापमान फिर बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले औसतन 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, औसत अधिकतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान हिसार में 38.5 डिग्री दर्ज किया गया।