VPL 3: सिलसन धुरंधर टीम ने 50 रन से जीता मुकाबला, लव गुप्ता रहे प्लेयर ऑफ द मैच

वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) द्वारा वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट धर्म समाज महाविद्यालय क्रीडा स्थल, जी टी रोड, अलीगढ़ पर चल रही है। इस लीग का दसवां मैच 1 अक्टूबर 2026 दिन गुरुवार को सिलसन धुरंधर टीम एवं वार्ष्णेय ऐन के सुपर किंग टीम के मध्य खेला गया।
टॉस और सिलसन धुरंधर की बल्लेबाजी
वार्ष्णेय ऐन के सुपर किंग्स क्रिकेट टीम के कप्तान हिमांशु ऐन के ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया जो गलत साबित हुआ। सिलसन धुरंधर क्रिकेट टीम ने पहले खेलते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 124 रन का स्कोर खड़ा किया। सिलसन धुरंधर क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सुमित गुप्ता लॉक्स ने 18 गेंदों में 9 चौकों की सहायता से शानदार 43 रन बनाए। टीम के युवा बल्लेबाज मयूर गोटेवाल ने 24 गेंद में 27 रन बनाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर पर पहुँचाने में मदद की। विपक्षी टीम के युवा गेंदबाज मनदीप ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। साथ ही चित्रांश गुप्ता ने 3 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए।
वार्ष्णेय ऐन के सुपर किंग्स की पारी और लव गुप्ता का प्रदर्शन
जवाब में उतरी वार्ष्णेय ऐन के सुपर किंग क्रिकेट टीम के बल्लेबाज 7.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर केवल 74 रन ही बना पाए। इस तरह उनकी टीम 50 रन से हार गई। सिलसन धुरंधर टीम के युवा बॉलर लव गुप्ता ने 3 ओवर में 24 रन देकर शानदार 5 विकेट लिए। उन्होंने विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस यादगार पारी के लिए लव गुप्ता को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से पुरस्कृत किया गया। साथ ही संगठन के चेयरमैन नितिन घुट्टी की ओर से लव गुप्ता को 1100 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया गया।
अतिथियों का स्वागत और आगामी मुकाबला
वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) के संस्थापक अध्यक्ष विष्णु भैया और सलाहकार भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक ने बताया कि हमारा संगठन समाज सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका में रहा है। साथ ही साथ हमारे संगठन के सभी परिवार क्रिकेट के साथ मनोरंजन की भावना देखते हुए यह क्रिकेट लीग प्रारम्भ हुई है। VPL 3 के इस मैच में वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ रजिस्टर्ड के चेयरमैन नितिन घुट्टी, संस्थापक अध्यक्ष विष्णु भैया, सलाहकार भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक, एडवोकेट आकाशदीप वार्ष्णेय, अध्यक्ष धनंजय वार्ष्णेय भैय्यन ज्वेलर्स, महामंत्री रोहित पीतल, कोषाध्यक्ष गौरांग वार्ष्णेय (स्टील), और अमित कोल द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत पटका पहना कर किया गया। इस अवसर पर मंचसीन अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर कार्यवाह रतन वार्ष्णेय मित्र, मुकेश राजदरबार, सुबोध प्रावदा, राकेश सिलसन, प्रतीक प्रावदा आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजकों में सुमित एडमिन, अनुराग गुप्ता कार स्कैन, अमित कोल, आशु गैस, आकाश भैयाजी, अंकुर सिलसन, अंकुश राजाजी, लव कुमार, प्रतीक किराना, अर्जुन एच एस आदि उपस्थित रहे। इस VPL 3 क्रिकेट लीग का अगला मैच 2 अक्टूबर 2026 दिन शुक्रवार को स्थानीय धर्म समाज महाविद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर भक्ति स्टील टाइटैंस क्रिकेट टीम एवं सरस्वती चेलेंजर क्रिकेट टीम के मध्य खेला जाएगा।