वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3: गुप्ता रॉयल्स ने जीता दूसरा मैच, राहुल वार्ष्णेय रहे प्लेयर ऑफ द मैच

वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) द्वारा अलीगढ़ के जीटी रोड स्थित धर्म समाज महाविद्यालय क्रीड़ा स्थल पर वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। इस लीग का दूसरा मैच 21 सितंबर 2026 दिन सोमवार को गुप्ता रॉयल्स एवं किलसन धुरंधर के मध्य खेला गया। किलसन धुरंधर टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया जो बाद में गलत साबित हुआ।
गुप्ता रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 122 रन बनाए। इस दौरान राहुल वार्ष्णेय ने 35 गेंदों में शानदार 62 रनों की पारी खेली। इसके जवाब में खेलने उतरी किलसन धुरंधर टीम 6 विकेट के नुकसान पर केवल 111 रन ही बना पाई और यह मुकाबला 11 रनों से हार गई।
गुप्ता रॉयल्स टीम के गेंदबाज लव कुमार ने तीन ओवरों में केवल 18 रन देकर शानदार 3 विकेट लिए जिसके कारण वह बेस्ट बॉलर बने। वहीं बेहतरीन प्रदर्शन के चलते राहुल वार्ष्णेय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) द्वारा वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3 क्रिकेट लीग का शुभारम्भ धर्म समाज महाविद्यालय क्रीड़ा स्थल, जीटी रोड, अलीगढ़ पर रविवार को किया गया था। इस उद्घाटन मैच में सरस्वती चैलेंजर एवं केशव इलेवन के मध्य मुकाबला हुआ था।
उद्घाटन मैच में केशव इलेवन के कप्तान मनीष अज़गर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया जो कि सही साबित हुआ। सरस्वती चैलेंजर टीम 12 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर केवल 133 रन ही बना पाई थी।
इस मैच में लव वार्ष्णेय आधुनिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवरों में 20 रन देकर दो बहुमूल्य विकेट लिए और विरोधी टीम को घातक होने से रोक लिया। उद्घाटन मैच में 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केशव इलेवन के कप्तान मनीष अज़गर की कप्तानी भरी और विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत 23 गेंदों में शानदार 53 रन बनाए, जिससे केशव इलेवन ने यह मैच आसानी से केवल 11 ओवरों में 135 रन बनाकर जीत लिया।
वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) के संस्थापक विष्णु भैया ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारा संगठन समाज सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका में रहा है साथ ही साथ हमारे संगठन के सभी परिवार क्रिकेट के साथ मनोरंजन की भावना देखते हुए यह क्रिकेट लीग प्रारम्भ हुई है। VPL 3 के इन मैचों में वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ रजिस्टर्ड के चेयरमेन नितिन घुट्टी, संस्थापक विष्णु भैया, सलाहकार भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक, एडवोकेट आकाश दीप वार्ष्णेय, अध्यक्ष धनंजय वार्ष्णेय भैय्यन ज्वेलर्स, महामंत्री रोहित पीतल, कोषाध्यक्ष गौरांग वार्ष्णेय स्टील द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत पटका पहनाकर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सीपी गुप्ता, डॉ. उमाशंकर वार्ष्णेय, डॉ. मनोरंजन वार्ष्णेय, डॉ. सुवेक वार्ष्णेय, द भारत वार्ष्णेय, डॉ. अनूप गुप्ता, राजीव एलआईसी, प्रमोद पम्मी, राकेश किलसन, धर्मेंद्र मिलानो आदि उपस्थित रहे।
इस VPL 3 क्रिकेट लीग का तीसरा मैच 22 सितंबर 2026 दिन मंगलवार को स्थानीय धर्म समाज महाविद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर सुपर स्ट्राइकर्स क्रिकेट टीम एवं भक्ति स्टील टाइटैंस क्रिकेट टीम के मध्य खेला जाएगा।