नरवाना में उल्लास कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और अध्यापकों में भारी उत्साह, शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य

उल्लास कार्यक्रम के प्रति विद्यार्थियों में भारी उत्साह,
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना ने साधा शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य
नरेंद्र जेठी/नरवाना /17 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना में उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और अध्यापकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष सत्र के दौरान विद्यार्थियों को उल्लास कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्यों, महत्व और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यालय प्रशासन ने इस अभियान के तहत अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत साक्षरता दर हासिल करने का संकल्प लिया है।
गाड़ी पर जागरूकता बैनर लगाकर रोजाना जन-जन तक संदेश पहुंचा रहे नोडल अधिकारी
उल्लास कार्यक्रम को जन-आंदोलन बनाने के लिए विद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार एक अनूठी और अनुकरणीय पहल कर रहे हैं। डॉ. अनिल कुमार प्रतिदिन जींद से नरवाना आवागमन के दौरान अपनी निजी गाड़ी पर उल्लास जागरूकता अभियान का फ्लेक्स बैनर लगाकर यात्रा करते हैं। इस अभिनव प्रयास के माध्यम से वे रास्ते में मिलने वाले आम नागरिकों और ग्रामीणों को साक्षरता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
साक्षरता जीवन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम
कार्यक्रम के दौरान उल्लास नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। सीखने की कोई उम्र नहीं होती, इसी विचार को आधार बनाकर हम उल्लास केंद्र के माध्यम से हर असाक्षर व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि हमारे विद्यार्थी अपने आसपास के असाक्षर लोगों का पंजीकरण करवाकर उन्हें साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही वास्तविक सफलता
जन-जागरूकता अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मीडिया समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा कि शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता है। जब विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर समाज को जागरूक करने का बीड़ा उठाते हैं, तो सकारात्मक बदलाव निश्चित होता है। गाड़ी पर प्रचार बैनर लगाकर संदेश देने जैसी दैनिक पहल से आमजन में साक्षरता परीक्षा और पंजीकरण के प्रति रुचि और विश्वास बढ़ रहा है।
छात्राओं के परिवारों और आसपास के क्षेत्रों में साक्षरता का संदेश फैलाने का संकल्प
विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी ने इस साक्षरता पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय की छात्राएं अपने-अपने परिवारों और आसपास के क्षेत्रों में साक्षरता का संदेश फैलाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। इस अवसर पर प्राचार्या मीनाक्षी, डॉ. अनिल कुमार, अनिल शर्मा (टी.जी.टी.), राजेश गर्ग (प्राध्यापक), अनिल ढिल्लों, यशपाल (टी.जी.टी.), संदीप कुमार (प्राध्यापक) सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रही।