9 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, स्कूटी छोड़ने के एवज में मांगी थी रिश्वत

SAHAB RAM1 October 20263 min read121 viewsहरियाणा
9 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, स्कूटी छोड़ने के एवज में मांगी थी रिश्वत

चंडीगढ़/पलवल, 1 अक्टूबर 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ हरियाणा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), फरीदाबाद की उपकेंद्र पलवल टीम ने कार्रवाई करते हुए डायल-112 पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को 9,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

इनमें कांस्टेबल हरीश को शिकायतकर्ता से 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपी कांस्टेबल दीपक को भी मौके पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

स्कूटी छोड़ने के एवज में मांगी थी 10 हजार रुपये रिश्वत

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शिकायतकर्ता अनुसार, 28 सितंबर 2026 को उसका अपने परिजनों के साथ झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह घर से चला गया था। इस संबंध में उसके परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी थी। बाद में शिकायतकर्ता अपने एक दोस्त की एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वहां डायल-112 की राइडर टीम पहुंच गई, जिसे देखकर वह घबरा गया और स्कूटी लेकर वहां से चला गया और रास्ते में स्कूटी का टायर पंचर होने पर उसे रास्ते में छोड़कर भाग गया था।

इसके बाद 30 सितंबर 2026 को कांस्टेबल दीपक ने शिकायतकर्ता को फोन कर बुलाया, जहां उसकी मुलाकात कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल हरीश से हुई। दोनों पुलिसकर्मियों ने स्कूटी अपने कब्जे में होने की बात कहते हुए उसे छोड़ने के एवज में 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद 9,000 रुपये में रिश्वत की राशि तय हुई।

एसीबी ने जाल बिछाकर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

शिकायतकर्ता की शिकायत पर एसीबी ने नियमानुसार सत्यापन करने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। 1 अक्टूबर 2026 को एसीबी की टीम ने पलवल में वंदेमातरम स्कूल के पीछे एक निर्माणाधीन मकान के पास जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल हरीश को शिकायतकर्ता से 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई। इसके अतिरिक्त, मौके पर मौजूद दूसरे आरोपी कांस्टेबल दीपक को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

यह ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक राजकुमार, प्रभारी, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उपकेंद्र पलवल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में अभिषेक, सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी (आबकारी), कार्यालय उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त, पलवल मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 22, दिनांक 1 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का भी पालन किया गया है। मामले में आगामी जांच नियमानुसार जारी है।

एसीबी की आमजन से अपील

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। एसीबी ने नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और इस मुहिम में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया है।

Share:

Comments

Leave a comment