पात्र नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे : सांसद चौ. धर्मबीर सिंह

पात्र नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे : सांसद चौ. धर्मबीर सिंह
बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु कैम्प का सांसद धर्मबीर सिंह ने किया निरीक्षण
तोशाम, 28 सितंबर 2026/विष्णु दत्त शास्त्री/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
तोशाम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित सेवा सेतु कैंप का निरीक्षण किया और कैंप का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, नायब तहसीलदार अशोक कुमार और जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
कैंप में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों के अवलोकन के दौरान सांसद ने प्रत्येक विभाग से उनकी योजनाओं के बारे में गहनता से जानकारी ली। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
सेवा सेतु कैंप सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। एक ही जगह कई विभागों की सेवाएं मिलने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इससे योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बहुत आसान हो जाती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कैंप में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं की जानकारी लें और सुविधाओं का लाभ उठाएं।
कैंप में अधिकारी और कर्मचारी मौके पर ही पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए हर पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से सेवा सेतु कैंप जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ उनका लाभ लेने की प्रक्रिया भी सरलता से उपलब्ध हो। सांसद ने एसडीएम को निर्देश दिए कि शिविर में बैंक अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि लोन आदि की प्रक्रिया का मौके पर ही समाधान हो।
उपस्थित गणमान्य नागरिक
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित गणमान्य नागरिकों में तोशाम के सरपंच राजेश तंवर, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान राजेन्द्र सिंह, पंकज कौशिक और पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास शामिल रहे। इसके अलावा मास्टर अश्वनी कुमार, सुनील सुरा, पवन लक्ष्मणपुरा, संदीप सुरा, पारस मिरान और एडवोकेट अमित अलखपुरा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।