तोशाम में सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष रहे मुख्य अतिथि

तोशाम में सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष रहे मुख्य अतिथि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। हरियाणा माटी कला बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह ने तोशाम के शिव श्याम मंदिर में आयोजित आशीर्वाद का दिया समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

शिव श्याम मंदिर में हुआ भव्य आयोजन

तोशाम के शिव श्याम मंदिर में आशीर्वाद का दिया उपमंडल स्तरीय समारोह को सेवा संकल्प अभियान से जोड़कर एक मिसाल कायम की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा ही संकल्प है और सेवा ही साधना है संदेश के तहत यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। पीएम मोदी का संदेश है कि आशीर्वाद से ही विकास होगा। यह आशीर्वाद का कार्यक्रम पूरे देश, प्रदेश, जिला, उपमंडल, शहरों के हर वार्ड और गांव स्तर पर आयोजित किए गए हैं। अनूप सिंह ने वीरवार देर शाम स्थानीय शिव श्याम मंदिर में आयोजित इस समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समारोह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे संस्कारों का कार्यक्रम है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बुजुर्गों के सम्मान और संस्कारों का संदेश

आजकल हम देखते हैं कि बच्चा बड़ा हो रहा है, मोबाइल में लगा रहता है और बाहर पढ़ रहा है, लेकिन उसके पास अपने बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने का समय नहीं है। उसी दूरी को खत्म करने के लिए सरकार ने सेवा संकल्प अभियान के तहत यह आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया है। यह दीया हमें बताता है कि हमारी जड़ क्या है। हमारे हरियाणा की यह परंपरा रही है कि कोई भी शुभ काम हो, सबसे पहले बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया जाता है। चाहे खेत में पहली बार ट्रैक्टर चलाना हो या बच्चे का स्कूल में एडमिशन कराना हो। आज उसी परंपरा को हम सरकारी सिस्टम में लेकर आए हैं। आज जिले के सभी उपमंडलों में हमारे बुजुर्गों ने दीया जलाया है और हमारे युवाओं, हमारी बेटियों तथा हमारे बच्चों को आशीर्वाद दिया है।

बुजुर्ग बोझ नहीं, हमारी ताकत हैं

इस दीये से दो महत्वपूर्ण संदेश जा रहे हैं। पहला संदेश सेवा का है, जिसमें जिस बुजुर्ग ने अपना पूरा जीवन इस समाज को और इस गांव को दिया, आज हम उसको सम्मान दे रहे हैं। यह बताना बहुत जरूरी है कि बुजुर्ग बोझ नहीं, बल्कि हमारी ताकत हैं और हमारा आशीर्वाद हैं। दूसरा संदेश संस्कार का है। जब बच्चा अपने दादा-दादी के हाथ से दीया जलते हुए देखेगा और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेगा, तो उसके अंदर अपने आप संस्कार आ जाएगा। यही संस्कार उसको गलत रास्ते और नशे से दूर रखेगा। अंत में उन्होंने सभी युवाओं से कहा कि आप खूब तरक्की करो और खूब आगे बढ़ो, लेकिन हफ्ते में एक बार अपने बुजुर्गों के पास जरूर बैठो और उनका आशीर्वाद लो। यह आशीर्वाद ही आपकी सबसे बड़ी डिग्री है।

प्रशासन और आयोजन समिति की सराहना

माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ने प्रशासन और इस कार्यक्रम को आयोजित करने वाली पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने उन सभी लोगों की सराहना की जिन्होंने इस सुंदर सोच को धरातल पर उतारा है। हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने बुजुर्गों का सम्मान करेंगे, उनकी सेवा करेंगे और उनके आशीर्वाद से अपने जिले को आगे लेकर जाएंगे। एसडीएम संदीप कुमार ने उपमंडल स्तरीय आशीर्वाद का दिया समारोह को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से सभी का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया। सरपंच राजेश तंवर ने आए हुए मेहमानों का तहेदिल से स्वागत किया। प्रशासन और आयोजन समिति की तरफ से मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ देकर, शॉल भेंटकर और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।

इन प्रमुख स्थानों पर भी हुए कार्यक्रम

बाबा मुंगीपा मंदिर, तोशाम झील, बस स्टैण्ड परिसर, खेल परिसर, उपमंडल के सभी बूथों और धार्मिक स्थलों पर भी सेवा संकल्प अभियान के सुअवसर पर आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर तोशाम से भाजपा संयोजक एडवोकेट हरि सिंह सांगवान, प्रदीप गोलगढ़, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, मास्टर अश्वनी महता, सुनील सूरा, दिलबाग नीमडी, बीडीसी वॉइस चेयरमैन सुनील भारीवास, मार्केट कमेटी चेयरमैन चरणदेव महता, वाइस चेयरमैन सचिन पटौदी, सुरेंद्र शर्मा, पंकज डेमला, सुखबीर पंघाल पूर्व चेयरमैन, पूर्व सरपंच देवराज, सुरेश लाठर, सत्यनारायण शर्मा मनसरवास, अमित बापोड़ा, मंदीप कांटीया, सुनील दहिया तथा फौजी नरसिंह मलिक सहित तोशाम मंडल के भाजपा के सभी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment