तरावड़ी के एस.एम.एस. स्कूल में आयोजित हुई चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने भाषण और चित्रों से दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

तरावड़ी, 18 सितम्बर (कमल शर्मा)। एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल तरावड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर सेवा संकल्प अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को नई दिशा देने के लिए मेरे सपनों का भारत विषय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की। इस तस्वीर में विकास के साथ संस्कार, शिक्षा के साथ संवेदनशीलता और आधुनिकता के साथ मानवीय मूल्यों को प्रमुख स्थान दिया गया। कार्यक्रम में मार्किट कमेटी तरावड़ी के वाईस चेयरमैन व पंजाबी सभा के प्रधान राजीव नारंग की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए विशेष उत्साह का विषय रही।
राजीव नारंग ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक देखा। उन्होंने विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति सोच की सराहना की। बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज की युवा पीढ़ी के सपनों और संकल्पों से जुड़ा है। विद्यार्थियों को अपने सपनों को केवल कल्पना तक सीमित नहीं रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यदि विद्यार्थी अभी से अपने कर्तव्यों को समझें और समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लें, तो आने वाले समय में भारत को और अधिक मजबूत एवं विकसित बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. विभा कौशिक ने कहा कि मेरे सपनों का भारत केवल एक गतिविधि या विषय नहीं है। यह विद्यार्थियों के मन में आकार ले रहे भविष्य के भारत की तस्वीर है। आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक और राष्ट्र-निर्माता हैं। शिक्षा के साथ यदि उनमें संस्कार, संवेदनशीलता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए, तो वे देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि भारत को बेहतर बनाने का सपना हर नागरिक का हो सकता है। उस सपने को साकार करने की शुरुआत अपने कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन से होती है। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई सोच, नई उम्मीद और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत किया।
प्रतिभागियों के साथ मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के अंत में एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल तरावड़ी में प्रतिभागियों के साथ मुख्यतिथि राजीव नारंग की एक फोटो भी साझा की गई।