तरावड़ी के सरकारी स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, नशे और टीबी से बचाव की दी गई जानकारी

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सह शिक्षा तरावड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत मानसिक स्वास्थ्य, मादक द्रव्यों के सेवन एवं ट्यूबरकुलोसिस टीबी को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत रूप से अपनाने पर जोर
कार्यक्रम में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर तम्मना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरावड़ी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, मादक द्रव्यों के सेवन और ट्यूबरकुलोसिस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि टीबी से पीड़ित मरीजों में मानसिक तनाव और नशे की आदतों के कारण उपचार बीच में छोड़ने की समस्या बढ़ सकती है, जिससे बीमारी गंभीर होने का जोखिम रहता है। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार के दौरान मरीज के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके मानसिक स्वास्थ्य और नशे से संबंधित समस्याओं पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
नशे के दुष्प्रभाव और मानसिक तनाव की जानकारी
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि मादक पदार्थों और शराब के अत्यधिक सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, जिससे संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रभावित होती है। वहीं, टीबी के लंबे उपचार और सामाजिक कलंक के कारण कई मरीज मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं का सामना कर सकते हैं। कार्यक्रम में एकीकृत परामर्श की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि टीबी से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं में केवल शारीरिक जांच और उपचार ही नहीं, बल्कि मरीज के मानसिक स्वास्थ्य तथा नशे की आदतों की पहचान और आवश्यक परामर्श भी महत्वपूर्ण है।
नाट्य प्रस्तुति और टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूकता
इस दौरान पियर एजुकेटर द्वारा नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहती है तो वह बिना देरी किए टीबी की जांच करवाए। साथ ही लोगों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक कल्याण का भी ध्यान रखने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सह शिक्षा तरावड़ी में सेवा संकल्प अभियान में हिस्सा लेते बच्चे।