तरावड़ी की कृष्णा डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को बांटे गए सर्टिफिकेट, परमार्थ शिक्षा समिति दे रही निशुल्क शिक्षा

तरावड़ी में शिक्षा को हर बच्चे की पहुंच तक पहुंचाने और विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास लगातार रंग ला रहा है। अंजनथली रोड स्थित कृष्णा डिजिटल लाइब्रेरी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट वितरित किए गए। गाँव पधाना से सामाजिक कार्यकर्त्ता अंकित शर्मा ने पहुँचकर सभी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट दिए। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
परमार्थ शिक्षा समिति द्वारा कृष्णा डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को कई प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। समिति द्वारा विद्यार्थियों को निशुल्क अध्ययन, कंप्यूटर बेसिक कोर्स, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और ई-लर्निंग सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा करियर मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए यह पहल शिक्षा के महत्वपूर्ण सहयोग साबित हो रही है। सर्टिफिकेट पाने वाले विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए समिति का आभार जताया है।
निशुल्क शिक्षा से बच्चों के सपनों को मिल रही नई उड़ान
परमार्थ शिक्षा समिति के अध्यक्ष मनोज वत्स ने इस अवसर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है। शिक्षा बेहतर भविष्य और मजबूत समाज की नींव होती है। उनका मुख्य प्रयास यह है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से कृष्णा डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और अध्ययन के बेहतर संसाधन निशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
डिजिटल शिक्षा और सही मार्गदर्शन से मिलेगी सफलता
मनोज वत्स ने आगे कहा कि आज के दौर में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बच्चे यदि सही मार्गदर्शन और संसाधनों के साथ मेहनत करें तो वे सफलता पा सकते हैं। बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकते हैं। समिति द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। कृष्णा डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं। समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाना है ताकि आर्थिक परिस्थितियां बाधा न बनें।