तरावड़ी में जिला प्रशासन की बैठक: हैफेड अधिकारियों को कड़ी फटकार, दो दिन में लंबित भुगतान निपटाने के निर्देश

हैफेड अधिकारियों को फटकार, दो दिन में लंबित भुगतान निपटाने के निर्देश
जिला प्रशासन की बैठक में मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता ने उठाईं आढ़तियों-किसानों की समस्याएं, डीसी ने अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
रोहित लामसर /तरावड़ी / 24 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
तरावड़ी में अनाज मंडियों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में 14 मंडियों के जिला प्रधान सुभाष गुप्ता ने आढ़तियों और किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में डीसी आनन्द कुमार सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
हैफेड अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
बैठक के दौरान मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता ने हैफेड से संबंधित भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों और आढ़तियों को समय पर भुगतान नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने हैफेड के डीएम को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि रोके गए सभी लंबित भुगतानों का निपटारा दो दिन के भीतर किया जाए। साथ ही, लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मंडियों की अन्य समस्याओं पर प्रशासन का आश्वासन
जिला प्रधान सुभाष गुप्ता ने बताया कि बैठक में उन्होंने मंडियों से जुड़ी कई समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इन समस्याओं पर डीसी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मंडियों में जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि आवागमन में कोई असुविधा न हो। इस अवसर पर उप प्रधान सुल्तान सोहलो भी विशेष रूप से मौजूद रहे।