विधानसभा में गूंजा तरावड़ी कॉलेज के अधूरे निर्माण का मुद्दा, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने सरकार से मांगा जवाब

विधानसभा में गूंजा तरावड़ी कॉलेज के अधूरे निर्माण का मुद्दा, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने सरकार से मांगा स्पष्ट जवाब
70 प्रतिशत काम पूरा होने के बावजूद लंबे समय से अटका निर्माण, विधायक बोले—बेटियों की शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे सदन में लगातार उठाता रहूंगा
रोहित लामसर /तरावड़ी /01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नीलोखेड़ी विधानसभा के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ सदन में उठाया। विधायक ने तरावड़ी स्थित गुरु तेग बहादुर महाविद्यालय के अधूरे निर्माण कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब मांगा।
कॉलेज के अधूरे निर्माण पर उठाया सवाल
विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने सदन में बताया कि महाविद्यालय के भवन का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन शेष निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पड़ा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर निर्माण कार्य में देरी के क्या कारण हैं और बचे हुए कार्य को दोबारा कब शुरू किया जाएगा।
बेटियों की शिक्षा और विकास का मुद्दा
उन्होंने सरकार से शेष निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करवाने की दिशा में स्पष्ट जानकारी मांगी, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को बेहतर शिक्षा के लिए सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। विधायक ने कहा कि नीलोखेड़ी हल्के के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलें और विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों, इसके लिए वे लगातार सरकार के समक्ष जनता की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने का मंच नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में जवाबदेही तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। नीलोखेड़ी हल्के से जुड़े विकास कार्यों को लेकर वे पूरी गंभीरता से आवाज उठाते रहेंगे।