बाबैन में लाडवा एसडीएम राजेश सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक, पराली जलाने पर होगी सख्त कार्रवाई

बाबैन में लाडवा एसडीएम राजेश सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक, पराली जलाने पर होगी सख्त कार्रवाई

बाबैन में फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक किसान रेस्ट हाउस बाबैन में मंगलवार को आयोजित की गई। इस विशेष बैठक की अध्यक्षता लाडवा के एसडीएम राजेश सोनी ने की।

प्रशासन ने कड़े निर्देश दिए

प्रशासन ने फसल अवशेष यानी पराली जलाने की घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए कमर कस ली है। इस बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. सुनील मान, ब्लॉक कृषि अधिकारी डॉ. अमित कंबोज, नायब तहसीलदार गीता राम और बीडीपीओ बाबैन सुशील मंगला विशेष रूप से मौजूद रहे। क्षेत्र में तैनात पंचायत सचिव, पटवारी, पशु चिकित्सक (वेटरनरी सर्जन), वीएलडीए सहित कई अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस बैठक में भाग लिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अधिकारियों को दी गई सख्त चेतावनी

एसडीएम राजेश सोनी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में पराली जलाने की घटना सामने आती है, तो संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तकनीकी पहलुओं और सब्सिडी की जानकारी

नोडल अधिकारी डॉ. सुनील मान ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को फसल अवशेष प्रबंधन के तकनीकी पहलुओं और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, बेलर आदि के माध्यम से पराली का सही निस्तारण कर सकते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे धरातल पर जाकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करें और उन्हें पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में बताएं। साथ ही अधिकारियों को सरकार द्वारा आधुनिक कृषि यंत्रों पर दी जा रही सब्सिडी के बारे में भी किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

फिल्ड टीमों को मुस्तैद रहने के निर्देश

ब्लॉक कृषि अधिकारी डॉ. अमित कंबोज और बीडीपीओ बाबैन सुशील मंगला ने भी अपने-अपने विभागों की फील्ड टीमों को मुस्तैद रहने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। नायब तहसीलदार गीता राम ने कहा कि राजस्व विभाग की टीम गांव-गांव जाकर स्थिति पर पूरी नजर रखेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फील्ड स्टाफ प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करेगा और किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित करेगा ताकि पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment