गृह सचिव सुधीर राजपाल को वित्त विभाग के एसीएस का अतिरिक्त जिम्मा मिला

चंडीगढ़ में अफसरशाही में बड़ा बदलाव किया गया है। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता के सेवानिवृत होने के बाद यह जिम्मेदारी गृह सचिव सुधीर राजपाल को सौंपी गई है।
चंडीगढ़ से 03 अक्टूबर को मिली जानकारी के अनुसार, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता सेवानिवृत हो चुके हैं। अरुण गुप्ता के सेवानिवृत होने के बाद प्रशासनिक अमले में बदलाव किया गया है। गृह सचिव सुधीर राजपाल को वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का जिम्मा सौंपा गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने जारी किए आदेश
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। जारी किए गए आदेशों के मुताबिक, 1990 बैच के आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल पहले से ही गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वे पर्यावरण, वन्य एवं जीव जंतु विभाग का जिम्मा भी संभाल रहे हैं। अब सरकार की तरफ से उन्हें वित्त एवं प्लानिंग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया है।
अरुण गुप्ता 30 सितंबर को हो चुके हैं सेवानिवृत
उल्लेखनीय है कि वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता 30 सितंबर को सेवानिवृत हो चुके हैं। नायब सरकार की ओर से अरुण गुप्ता के सेवा विस्तार की फाइल केंद्र सरकार के पास भेजी गई थी। लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से उस फाइल को मंजूरी नहीं दी गई। मंजूरी न मिलने के चलते उन्हें उनकी निर्धारित सेवानिवृति तिथि यानी 30 सितंबर को ही सेवानिवृत कर दिया गया था।