सुभाष बराला ने टोहाना में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता संदेश

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, दुकानदारों को वितरित किए डस्टबिन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर टोहाना शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, मंडल अध्यक्ष रमन मडिया तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और नागरिकों से अपने घर, गली, मोहल्ले एवं शहर को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।अभियान का शुभारंभ नगर परिषद कार्यालय, टोहाना में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नेतृत्व में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर परिषद कार्यालय से प्रारंभ होकर चंडीगढ़ रोड, शहीद चौक, सब्जी मंडी, सदर थाना के सामने से होते हुए बालाजी मंदिर और पुनः शहीद चौक से भगवान वाल्मीकि चौक पहुंची, जहां अभियान का समापन हुआ।
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : सुभाष बराला
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपने गांव, गली, घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश का प्रभाव आज देश के कोने-कोने में दिखाई दे रहा है। गांवों में साफ-सफाई को लेकर जागरूकता बढ़ी है। तालाबों, नदी-नालों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं। यहां तक कि समुद्र तटों और पहाड़ी क्षेत्रों में भी स्वच्छता के प्रति नागरिकों की भागीदारी देखने को मिल रही है।
सांसद ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना और स्वच्छ भारत का सपना देखा। गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर हम सभी को उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे कचरा इधर-उधर न डालें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
दुकानदारों को वितरित किए हरे-नीले डस्टबिन, सफाई कर्मचारियों का बढ़ाया उत्साह-
स्वच्छता अभियान के दौरान राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य बाजार एवं सब्जी मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने फल-सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले दुकानदारों और अन्य व्यापारियों से संवाद किया। उन्होंने दुकानदारों को हरे एवं नीले रंग के डस्टबिन वितरित किए तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया।
सांसद ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे बाजार में स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और कचरा सड़क या खुले स्थान पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में ही डालें। उन्होंने कहा कि टोहाना शहर हम सभी का है और इसे साफ-सुथरा रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दुकानदारों के सहयोग से बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने अभियान में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों एवं अन्य सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। सांसद ने अपने हाथों से उन्हें केले वितरित किए और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके परिश्रम और नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, रमन मड़िया, रविंद्र मेहता, वेद जांगड़ा, कृष्ण सैनी, बीरु अग्रवाल, जगमेल कटारिया, बलविंद्र सैनी, दीपक खोबड़ा, रिंकू गर्ग, जिले सिंह बराला, काला पहलवान, गणेश सैनी, मनीष शर्मा, संदीप शर्मा, जीवन बंसल, अमित चड्डा, निखिल सिंगला, सनी मेहता, लवली मोंगा, स्वीटी मेहता, कंचन भाटिया, सीमा खट्टर, गीता मेहता सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।