एसपी निकिता खट्टर की जनसुनवाई पहल से टोहाना क्षेत्र के लोगों को मिल रहा सीधा लाभ

आमजन की समस्या का समाधान ही सर्वोपरि: एसपी निकिता खट्टर की जनसुनवाई पहल से टोहाना क्षेत्र के लोगों को मिल रहा सीधा लाभ
आमजन की समस्या का समाधान ही सर्वोपरि है। एसपी निकिता खट्टर की जनसुनवाई पहल से टोहाना क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। टोहाना, 25 सितंबर को योगेश खनेजा ने बताया कि आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार, सद्भावपूर्ण संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान को सर्वोपरि रखते हुए त्वरित राहत उपलब्ध करवाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर द्वारा टोहाना क्षेत्र में विशेष जनसुनवाई मुहिम शुरू की गई है। इस पहल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतें सुन रही हैं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दे रही हैं।
प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होती है विशेष जनसुनवाई
पुलिस अधीक्षक की इस मुहिम के तहत प्रत्येक शुक्रवार को थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य यह है कि टोहाना क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय तक न आना पड़े और वे अपने ही क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के समक्ष सहजता से अपनी बात रख सकें। शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में टोहाना क्षेत्र के करीब 85 आमजन पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंचे तथा कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
दिव्यांग शिकायतकर्ता के पास खुद चलकर पहुंचीं पुलिस अधीक्षक
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक की आमजन के प्रति संवेदनशील एवं मैत्रीपूर्ण कार्यशैली का एक विशेष उदाहरण देखने को मिला। दिव्यांग शिकायतकर्ता राजकुमार अपनी विशेष साइकिल पर शिकायत लेकर पहुंचे। उन्हें आते देखकर पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर स्वयं अपनी कुर्सी से उठकर उनके पास पहुंचीं। उन्होंने आत्मीयता एवं सद्भाव के साथ उनका हालचाल जाना, उनकी परेशानी को समझा और शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना। शिकायतकर्ता राजकुमार ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है।
तत्काल कार्रवाई के दिए गए निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही थाना सदर टोहाना प्रभारी को फोन कर शिकायत पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने की गई कार्रवाई का फीडबैक तत्काल उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और उसे कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। पुलिस अधीक्षक की यह पहल केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग की भावना को और मजबूत करना है।
पुलिस और जनता के बीच मजबूत हो रहा है विश्वास का रिश्ता
प्रयास यह है कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को यह भरोसा हो कि उसकी बात गंभीरता से सुनी जा रही है। उसकी समस्या महत्वपूर्ण है और उसके समाधान के लिए पुलिस संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन के साथ खड़ा रहना भी है।
बेहतर और प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला
पुलिस का कार्य आमजन की बात सुनना और उन्हें न्यायसंगत एवं समयबद्ध सहायता उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता ही बेहतर एवं प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लें। शिकायतकर्ताओं के साथ मैत्रीपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करें और नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
आमजन से जनसुनवाई का लाभ उठाने की अपील
साथ ही शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध करवाई जाए। पुलिस अधीक्षक ने टोहाना क्षेत्र के आमजन से अपील की कि वे अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में पहुंचें। वे इस विशेष जनसुनवाई पहल का लाभ उठाएं। फतेहाबाद पुलिस की यह पहल जनता के बीच पुलिस, जनता के लिए पुलिस की भावना को मजबूत कर रही है। यह पहल आमजन के साथ विश्वास, सद्भाव, संवेदनशीलता और सेवा आधारित पुलिसिंग को आगे बढ़ा रही है।