हिसार में बस स्टैंड के बाहर सवारी उतारी तो होगी कार्रवाई, ड्राइवरों को SP की सख्त हिदायत

Haryana News: हिसार जिले के बरवाला में बस ड्राइवरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। अब बस स्टैंड के बाहर सवारी उतारने और बैठाने पर ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसको लेकर एसपी ने निर्देश दिए है।
दरअसल शहर में कुछ सरकारी और निजी बस ड्राइवर मुख्य सड़क पर ही बस रोककर सवारियां बैठाते है और बस स्टैंड के बाहर सड़क पर सवारियों उतार देते है। कई बार सवारियों के इंतजार में बसें सड़क पर अनावश्यक रूप से भी खड़ी रहती हैं। ऐसे ट्रैफिक जाम की समस्या बन जाती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
इसी के चलते हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बस ड्राइवरों एवं कंडक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बसों का ठहराव निर्धारित बस स्टैंड के अंदर ही किया जाए। अगर कोई मुख्य सड़क को बस स्टॉप के रूप में इस्तेमाल करता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
SP सिद्धाांत जैन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को बरवाला बस स्टैंड और उसके आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर बस रोककर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बस ड्राइवरों को निर्धारित बस स्टैंड का ही इस्तेमाल करना होगा। अगर कोई इसका उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ मौके के तथ्यों के आधार पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।