सोनीपत में मंदिर से लौट रहे युवक को रास्ते से अगवा कर खेत में पीटा, बचाने आई मां पर भी हमला

सोनीपत में मंदिर से लौट रहे युवक को रास्ते से अगवा कर खेत में पीटा, बचाने आई मां पर भी हमला

सोनीपत के सांदल खुर्द गांव में 21 सितंबर की रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मंदिर से अपने घर लौट रहे एक युवक को रास्ते से अगवा कर लिया गया। आरोप है कि युवक के साथ जमकर मारपीट की गई है। इस घटना में युवक की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

घटना के विवरण के अनुसार सांदल खुर्द गांव निवासी राहुल 21 सितंबर की रात को मंदिर गया था। जब वह मंदिर से वापस लौट रहा था तब आरोपी राजू ने उसे फोन करके उसकी लोकेशन पूछी। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने राहुल के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर वापस मंदिर ले गया।

मंदिर और खेतों में ले जाकर दी गई यातना

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आरोप है कि मंदिर परिसर में भी राहुल के साथ मारपीट की गई। इसके बाद राहुल को जबरन खेतों में ले जाया गया। खेतों में ले जाकर लाठी-डंडों और लोहे के तार से उसके ऊपर हमला किया गया। राहुल की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता हरिमोहन और मां सीमा मौके पर पहुंचे।

बेटे को बचाने आई मां पर भी किया हमला

माता-पिता ने मौके पर पहुंचकर अपने बेटे को छुड़ाने का पूरा प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने राहुल की मां सीमा पर भी हमला कर दिया। इस मारपीट की घटना में सीमा की नाक और दांत पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों के मौके पर इकट्ठा होने पर आरोपी वहां से भाग निकला।

जाते-जाते दी परिवार को जान से मारने की धमकी

आरोप है कि वहां से भागते समय आरोपी ने बाहर से कुछ लोगों को बुलाने की बात कही। साथ ही उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के अनुसार घायल राहुल और उसकी मां सीमा का नागरिक अस्पताल में इलाज कराया गया। चिकित्सकीय रिपोर्ट में राहुल के शरीर पर नौ और सीमा के शरीर पर चार चोटें दर्ज की गई हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

चिकित्सकों द्वारा बयान देने योग्य बताए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment