सोनीपत में नहर किनारे बलेनो कार के अंदर मिला 35 वर्षीय युवक का शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

सोनीपत में रोहट नहर के पास शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय सोनू का शव उसकी बलेनो कार में मिला। वह 23 सितंबर की शाम गोहाना के गांव जौली से नरेला के गांव कुरैनी स्थित ससुराल जाने के लिए निकला था। वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
गांव जौली निवासी सुरेश ने बताया कि सोनू 23 सितंबर शाम करीब छह बजे कार से ससुराल के लिए निकला था। वहां वह अपने साले की बीमार पत्नी का हालचाल जानने गया था। 24 सितंबर सुबह करीब सात बजे सोनू की पत्नी पीनू ने फोन कर उसके पहुंचने के बारे में पूछा तो उसने घर के लिए निकलने की बात कही। सुबह 11 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर दोबारा फोन किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। परिवार ने तलाश शुरू की। शाम करीब पांच बजे मोबाइल चालू हुआ, लेकिन पांच-छह घंटे प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस और परिजनों की तलाश
शुक्रवार सुबह सोनू के ससुर मैहरद्दिन ने नरेला थाना पुलिस को शिकायत दी। इसी दौरान परिजन नहर के आसपास तलाश कर रहे थे। सुबह करीब आठ बजे सोनीपत से दिल्ली जा रहे परिवार के दामाद धीरज ने रोहट नहर किनारे सोनू की बलेनो खड़ी देखी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बताया। सदर थाना पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। कार के अंदर सोनू का शव मिला।
शरीर पर चोट के निशान
परिजनों ने बताया कि सोनू के सिर और कमर पर चोट के निशान थे। नाक से खून निकल रहा था और कमर की खाल भी उतरी हुई थी। बनियान उलटी पहनी होने की बात भी परिजनों ने कही। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। सोनू के परिजनों के अनुसार उसका किसी से विवाद या रंजिश नहीं थी। सोनू वर्ष 2011 से पीनू के साथ विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था और बलेनो कार टैक्सी के रूप में चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
पुलिस जांच जारी
सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि सोनू के लापता होने की रिपोर्ट नरेला थाना में दर्ज थी। रोहट में नहर किनारे उसकी कार में शव मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कार के वहां पहुंचने के समय की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।