सोनीपत में विधायक पवन खरखोदा का बयान, खेल प्रतिभा निखारने और अनुशासन का माध्यम है

नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए श्री सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नमो क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में पांच राज्यों के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। सोनीपत में 22 सितंबर को खरखौदा के विधायक पवन खरखोदा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और नशे के खिलाफ जागरूकता के प्रति संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभा निखारने, अनुशासित कर संगठित करने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी की मुहिम
विधायक पवन खरखोदा ने कहा कि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी द्वारा यह मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेलों से जोड़ना है। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। सोनीपत जोन में भी युवाओं का क्रिकेट के प्रति रुझान काफी बढ़ गया है। बड़ी संख्या में युवा पूरे उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
सेक्टर-61 स्थित धीरे धूप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजन
सेक्टर-61 स्थित धीरे धूप स्पोर्ट्स स्टेडियम, सोनीपत में मैच का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिनिधि प्रदीप सरोहा (मोना) राठधना, संदीप कुमार एवं उनकी टीम मौजूद रही। उन्होंने जानकारी दी कि नमो क्रिकेट लीग का आयोजन हरियाणा सहित पांच राज्यों में किया जा रहा है। हरियाणा के विभिन्न मंडलों और जिलों में क्रिकेट मैच आयोजित किए जा रहे हैं। इन मैचों में युवाओं के साथ-साथ आम जनता में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम
प्रतिनिधियों ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने का एक अच्छा माध्यम बन रही है। उन्होंने तरुण भंडारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे के खिलाफ सोच विकसित करने तथा उन्हें खेलों से जोड़ने की इस पहल को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अंत में उन्होंने सभी युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।