सोनीपत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मेयर राजीव जैन और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

सोनीपत में 25 सितंबर को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के संकल्प पुरुष, अंत्योदय के प्रणेता, मानवता के प्रेरणादायक प्रखर विचारक एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज परम श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने पुरखास अड्डा स्थित अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
मेयर राजीव जैन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला
मेयर जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद को केंद्र में रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान का सपना देखा था। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर हमें सेवा और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिए श्रद्धांजलि
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मेयर ने कहा कि उनके आदर्श कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।