सोनीपत में कचरा उठाने वाली जेवीएम कंपनी को चेतावनी, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो रद्द होगा कॉन्ट्रैक्ट

सोनीपत में डोर टू डोर कचरा उठाने वाली जेवीएम कंपनी को बड़ी चेतावनी दी गई है। नगर निगम मेयर राजीव जैन ने बुधवार को यह चेतावनी दी है। यदि एक सप्ताह में हर घर कचरा उठाने का प्रबंध व्यवस्थित नहीं हुआ तो कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
- नगर निगम मेयर राजीव जैन की चेतावनी
- एक सप्ताह का दिया गया समय
- कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने की सिफारिश की चेतावनी
- स्वच्छता अभियान को हो रहा नुकसान
बैठक में लिया गया कड़ा फैसला
सोनीपत में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मेयर जैन ने कंपनी को लेकर कई गंभीर बातें कहीं। उन्होंने कहा कि गाड़ी ड्राइवरों की आए दिन होने वाली हड़ताल से हमारे स्वच्छता अभियान को नुकसान हो रहा है। इस हड़ताल के कारण सड़कों पर कूड़े के ढेर लगातार जमा हो रहे हैं।
निगम कर रहा है समय पर भुगतान
मेयर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से बताया कि निगम की तरफ से कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि जब निगम हर माह भुगतान समय पर कर रहा है तो लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही करने वाली कंपनियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
संसाधनों की भारी कमी
निगम अधिकारियों ने पाया कि कंपनी द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित गाड़ियों की संख्या से भी कम गाड़ियां चल रही हैं और गाड़ियां भी पुरानी हो चुकी हैं। इसके अलावा डंपिंग प्वाइंट से कूड़ा समय पर नहीं उठ पा रहा है।
नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतें
शहर के लोगों को इस व्यवस्था के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां घरों में नहीं आती हैं, इसीलिए मजबूरन सड़कों पर कूड़ा फेंकना पड़ रहा है। जैन ने कहा कि घर से कूड़ा न उठाने के कारण बंद किए गए डंपिंग प्वाइंट दोबारा शुरू हो गए हैं जिससे शहर में चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा नजर आता है।
आयुक्त हर्षित कुमार की दो टूक
नगर निगम आयुक्त ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त हर्षित कुमार ने कहा कि अब पानी सर से ऊपर जा चुका है यदि हालात नहीं सुधरे तो हमारे पास सरकार को वस्तु स्थिति से अवगत करवाते हुए कंपनी से पीछा छुड़वाने की सिफारिश करने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा। उन्होंने कंपनी अधिकारियों को गाड़ियों के अलावा भी मशीनरी की कमी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।