सोनीपत में नगर निगम की चेतावनी के बाद कूड़ा निस्तारण कंपनी ने बदला ठेकेदार, दो दिन में उठाया 300 टन से ज्यादा कचरा

सोनीपत में नगर निगम की चेतावनी के बाद कूड़ा निस्तारण कंपनी ने बदला ठेकेदार, दो दिन में उठाया 300 टन से ज्यादा कचरा

सोनीपत नगर निगम की कड़ी चेतावनी के बाद कूड़े का निस्तारण करने वाली जेवीएम कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण करने वाले पुराने ठेकेदार को पूरी तरह से बदल दिया है। नये ठेकेदार के कर्मचारियों ने शहर में मोर्चा संभाल लिया है। नये ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा शहर में स्थान स्थान पर बने कूड़े के ढेरों को दिन-रात लगातार उठाया जा रहा है। इस बदलाव के बाद पिछले दो दिनों में 300 टन से ज्यादा कूड़ा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट पर भेजा जा चुका है।

क्यों हुई थी शहर में कूड़े की भयावह स्थिति

पिछले एक सप्ताह से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के चालकों को वेतन नहीं मिल रहा था। वेतन न मिलने के कारण चालकों ने हड़ताल कर दी थी जिसके चलते शहर में कूड़े की भयावह स्थिति पैदा हो गई थी। नगर निगम मेयर राजीव जैन ने इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लिया। मेयर राजीव जैन ने कंपनी के अधिकारियों को तुरंत तलब किया। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी थी कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो एक सप्ताह बाद कंपनी का अनुबंध रद्द करने की सिफारिश सरकार को भेजी जाएगी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कम गाड़ियां चलने से प्रभावित हो रहा था काम

मेयर राजीव जैन ने शनिवार को मीडिया को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी को घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए कुल 110 गाड़ियों की आवश्यकता है। लेकिन इसके विपरीत ठेकेदार द्वारा लंबे समय से केवल 60 गाड़ियां ही चलाई जा रही थीं। गाड़ियों की संख्या कम होने के कारण गली मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पा रही थीं। इस बात की शिकायतें लगातार नगर निगम को मिल रही थीं। प्लांट पर समय पर कूड़ा न पहुंचने के कारण बिजली का उत्पादन भी काफी हद तक प्रभावित हो रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि नए ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्धारित गाड़ियों की संख्या पूरी कर ली जाएगी।

लगातार 50वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छता अभियान

मेयर जैन ने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए लगातार 50वें सप्ताह भी शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सोनीपत के संकल्प के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। शनिवार को यह स्वच्छता अभियान सेक्टर 12 पावर हाउस मटका चौक से लेकर आईटीआई चौक तक चलाया गया। मेयर ने जोर देकर कहा कि शहर में स्वच्छता के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सफाई की सुचारू व्यवस्था हर हाल में बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।

Share:

Comments

Leave a comment