सोनीपत: जमीन विवाद में स्कार्पियो पर फायरिंग मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

सोनीपत में गोहाना में 20 सितंबर को स्कार्पियो सवार लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गांव खेड़ी दमकन निवासी विनोद और गांव रभड़ा निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में फायरिंग की वजह जमीन विवाद सामने आई है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को गांव बड़ौता निवासी रविंद्र अपने साथियों के साथ गोहाना न्यायिक परिसर आया था। उसकी मौसी और मौसेरी बहन से जुड़े जमीन विवाद के मामले में बयान होने थे। न्यायिक परिसर से लौटने के बाद रविंद्र अपने साथियों के साथ स्कार्पियो में सवार होकर जाते समय पहले से घात लगाए दो गाड़ियों में सवार हमलावरों ने स्कार्पियो को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कुल नौ राउंड फायर किए। पुलिस की जांच में वारदात में बंदूक, पिस्टल और रिवाल्वर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहनों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसीपी का बयान और आगे की कार्रवाई
एसीपी राजपाल ने बताया कि शुरुआती जांच में वारदात के पीछे जमीन विवाद सामने आया है। मामले में दो आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान फरार आरोपितों की जानकारी जुटाने के साथ वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।