सोनीपत के गांव ठरू में आरओ की आड़ में नकली नोटों की सप्लाई, तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी नोटों की सप्लाई और उन्हें बाजार में चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सोनीपत के गांव ठरू निवासी साहिल खर्ब आरओ की आड़ में नकली करेंसी का काम करते पकड़े गए हैं।
- सोनीपत के गांव ठरू निवासी साहिल खर्ब (28), राजस्थान के बाड़मेर निवासी गोसाई राम (22) और जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया (56) गिरफ्तार किए गए हैं।
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1,476 नकली नोट बरामद किए, जिनकी कीमत 7 लाख 38 हजार 500 रुपये है।
- इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और दो बैग भी कब्जे में लिए गए हैं।
जापानी पार्क के पास हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि साहिल खर्ब और गोसाई राम नकली नोट लेकर जापानी पार्क के पास पुष्कर राज को देने आएंगे। डीआईयू रोहिणी की टीम ने निगरानी शुरू कर दी थी। रात के समय पुष्कर राज को सड़क किनारे पेड़ के नीचे इंतजार करते देखा गया था। साहिल और गोसाई राम वहां पहुंचे और गोसाई राम ने काले बैग से पैकेट निकालकर पुष्कर राज को दिए, जिसके बाद टीम ने तीनों को पकड़ लिया।
इतनी मात्रा में बरामद हुए नकली नोट
पुष्कर राज के पास से 500 रुपये के 201 नोट बरामद हुए। गोसाई राम के बैग से 575 नोट और साहिल के बैग से 700 नोट बरामद किए गए। पुलिस ने सभी नोटों को गिनकर अलग-अलग गड्डियों में पैक करके सील कर दिया है। क्राइम टीम रोहिणी और एफएसएल की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया।
स्थानीय और साप्ताहिक बाजारों में चलाने की थी योजना
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में साहिल और गोसाई राम ने पुष्कर राज को पहले भी नकली नोट देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन नकली नोटों को स्थानीय और साप्ताहिक बाजारों में चलाने की कोशिश कर रहे थे। अधिक पैसा कमाने के लिए हवाला कारोबारियों से संपर्क करने की बात भी सामने आई है।
सोनीपत में घर पर की गई छापेमारी
पुलिस ने सोनीपत में साहिल के घर पर छापेमारी की। घर के सामने खर्ब एंटरप्राइजेज वाटर सॉल्यूशन के नाम से थोक और खुदरा आरओ कारोबार का बोर्ड लगा था। पुलिस के अनुसार घर के अंदर से नकली नोट छापने की मशीन और अन्य सामग्री बरामद हुई है। इस मामले में थाना प्रशांत विहार में मामला दर्ज किया गया है।