सोनीपत में एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता साक्षी और ज्योति का जोरदार सम्मान

सोनीपत में एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता साक्षी और ज्योति का जोरदार सम्मान

सोनीपत, 04 अक्टूबर। एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली सोनीपत की खिलाड़ी साक्षी राणा और ज्योति रामावत से रविवार को विधायक निखिल मदान ने मुलाकात की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने 44 साल बाद एशियन गेम्स की महिला हॉकी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी सफलता सोनीपत, हरियाणा और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

खिलाड़ियों की मेहनत और प्रेरणा

विधायक ने कहा कि साक्षी राणा और ज्योति रामावत ने मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता विशेषकर बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने दोनों से उनकी खेल यात्रा, प्रशिक्षण और आगे की तैयारियों को लेकर बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान और प्रोत्साहन समाज की जिम्मेदारी है, क्योंकि इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का हौसला मिलता है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

परिवार का संघर्ष और समर्थन

निखिल मदान ने बताया कि साक्षी राणा के पिता सतपाल राणा आजीविका के लिए टीकाराम गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्रावास में कैंटीन चलाते थे। वहीं ज्योति रामावत के पिता का बचपन में ही निधन हो गया था। करीब दो वर्ष पहले उनकी माता का भी निधन हो गया। इसके बाद उनकी दादी मूर्ति देवी ने उनका पालन-पोषण किया और ज्योति को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशिक्षक और गणमान्य लोग रहे मौजूद

विधायक ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्राप्त प्रशिक्षक प्रीतम सिवाच ने प्रशिक्षण दिया है। भारतीय हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में उनका योगदान भी सराहनीय है। उन्होंने प्रशिक्षक प्रीतम सिवाच को भी बधाई दी। इस अवसर पर साक्षी राणा के पिता सतपाल राणा, उनकी मां राजकुमारी, चाचा संदीप राणा, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रोहित राणा सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे। विधायक ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share:

Comments

Leave a comment