सोमाणी संस्थान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और शहीदी दिवस पर लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर व देशभक्ति कार्यक्रम

दक्षिण हरियाणा की अग्रणी शिक्षण संस्था सोमाणी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड फार्मेसी की ओर से 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं शहीदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
कॉलेज परिसर में यह कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य के प्रहरी फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
लाइफ केयर डेंटल हॉस्पिटल के डॉ. मधुसूदन शर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचकर दांतों की निशुल्क जांच करेंगे। इसके अलावा बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शहीदी दिवस के अवसर पर देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा विद्यार्थियों को उनके त्याग, बलिदान और देशभक्ति से प्रेरित किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा संस्कृत श्लोक वाचन, देशभक्ति गीत-संगीत, भाषण, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
संस्थान का इतिहास और उपस्थिति
प्रेस वार्ता में संस्थान के गौरवमयी सफर की जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्ष 1999 में स्वतंत्रता सेनानी आर.डी. सोमाणी की स्मृति में उनके सुपुत्र विजय सोमाणी द्वारा संस्थान की स्थापना की गई थी। उस समय दिल्ली-जयपुर हाईवे पर उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह दक्षिण हरियाणा की पहली संस्थाओं में शामिल था। संस्थान के अनुसार बीते 26 वर्षों में 19 राज्यों के 2200 से अधिक विद्यार्थियों ने यहां शिक्षा ग्रहण की है। संस्थान से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी गुरुग्राम सहित देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ आसपास के गणमान्य लोग, साहित्यकार, पत्रकार, एडवोकेट एवं फार्मासिस्ट भी शामिल होंगे।