सिरसा में रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, डबवाली में मजदूर की मौत

सिरसा के रेलवे स्टेशन के नजदीक झाड़ियों में एक युवक का शव मिला है। शव चार-पांच दिन पुराना है, जिससे पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को लोग पार्क में घूम रहे थे। उन्हें बदबू आने का एहसास हुआ। उन्होंने पार्क के पीछे झाड़ियों में देखा तो एक युवक की लाश पड़ी थी जो कि गली-सड़ी अवस्था में थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया है। पुलिस शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आसपास के पुलिस थानों में हाल ही में दर्ज गुमशुदा व्यक्तियों की जांच भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
डबवाली में मजदूर की मिक्सर मशीन से गिरने से मौत
जिले के डबवाली क्षेत्र में एक मजदूर की मौत हो गई है। मजदूर एक मकान का लेंटर डाल रहे थे। इसी दौरान मिक्सर मशीन से एक युवक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।