सिरसा में बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित नशीली गोलियों और अवैध पिस्तौल सहित दो युवक गिरफ्तार

सिरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- पुलिस ने जिला क्षेत्र से एक युवक को हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है।
- पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में एक युवक को अवैध पिस्तौल व आठ जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
- बरामद की गई गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित युवक गिरफ्तार
पुलिस ने जिला क्षेत्र से एक युवक को हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सिरसा निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक सिरसा की अनाज मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात हजार प्रतिबंधित गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सीआईए प्रभारी ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी काबू
उधर, पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्तौल व आठ जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी अमन के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान जेसीडी बरनाला रोड की तरफ से एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।