सिरसा में आईजी कुलदीप सिंह ने की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक, अपराधियों पर सख्ती बरतने और महिमामंडन रोकने के दिए निर्देश

हिसार मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुलदीप सिंह ने सिरसा में पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था और थानों की कार्यप्रणाली की पूरी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था
आईजी कुलदीप सिंह ने निर्देश दिए कि पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटे और किसी भी अपराधी का महिमामंडन न होने दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंभीर व जघन्य अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
खुफिया तंत्र और नाकाबंदी
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं और खुफिया जानकारी को गंभीरता से लेकर समय पर कार्रवाई की जाए। पुलिसकर्मी फील्ड में सक्रिय रहकर अपना सूचना तंत्र मजबूत करें ताकि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय रहते मिल सके। फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए जिला के साथ लगते पंजाब व राजस्थान बॉर्डर पर नाकाबंदी को मजबूत किया जाए और प्रत्येक व्यक्ति व वाहन की गहनता से चैकिंग की जाए। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़-तोड़ कार्रवाई कर रही है जिसके काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे है।