फैमिली आईडी में शुरू हुई कई नई सुविधाएं, अब घर बैठे इन परेशानियों से मिलेगा छुटकारा

हरियाणा में आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। परिवार पहचान पत्र (PPP) यानि फैमिली आईडी में विभिन्न त्रुटियों को लेकर परेशानी झेल रहे लोगों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत प्रदान की है। ऐसे लोगों के लिए नागरिक संसाधन सूचना विभाग ने PPP पोर्टल पर नया ऑनलाइन विकल्प शुरू कर दिया है।
इसके माध्यम से आप अपनी फैमिली आईडी में दर्ज गलत बिजली बिल मीटर नंबर या किसी अन्य व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए सीधे आवेदन कर सकेंगे। बता दें कि प्रदेश में बहुत से लोग इस परेशानी से जूझ रहे थे लेकिन अब उन्हें राहत पहुंचेगी।
चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा
वर्तमान में यदि फैमिली आईडी में गलती से दूसरे व्यक्ति का बिजली मीटर नंबर या किसी अन्य परिवार के सदस्य का नाम जुड़ा हुआ है तो उसे हटाने के लिए PPP पोर्टल पर कोई आन-लाइन व्यवस्था नहीं थी। जिसके चलते लोग बिजली विभाग और नागरिक संसाधन सूचना विभाग के दफ्तर के चक्कर लगाने पर मजबूर हो रहे थे। इसमें समय और पैसा दोनों की बरबादी हो रही थी।
वहीं, कई परिवार ऐसे थे जिनका नाम गलत रूप से फैमिली आईडी में जुड़ गया था जिसके चलते वो सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित हो रहे थे। लेकिन अब ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से लोगों को इस तरह की तमाम परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
नई सुविधा शुरू होने के बाद आमजन PPP पोर्टल पर जाकर गलत दर्ज बिजली मीटर नंबर या नाम हटाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद शिकायत संबंधित क्षेत्र के एसडीओ के पास भेजी जाएगी। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर संबंधित रजिस्टर पोर्टल पर अपलोड करेंगे। यहां सत्यापन के बाद गलत मीटर नंबर या नाम हटा दिया जाएगा। इस प्रकिया से न केवल आमजन को परेशानियों से छुटकारा मिलेगा बल्कि सही पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।