संदीप सिंह पर केस वापस लेने के लिए धमकी दिलवाने का महिला कोच ने लगाया गंभीर आरोप

संदीप सिंह पर केस वापस लेने के लिए धमकी दिलवाने का महिला कोच ने लगाया गंभीर आरोप

महिला कोच ने वीडियो जारी कर हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह को घेरा है। चंडीगढ़ से यह बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली जूनियर महिला कोच ने केस वापस लेने के लिए धमकियां दिलवाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला कोच ने रविवार को फेसबुक लाइव के दौरान यह बड़ा आरोप लगाया है।

महिला कोच ने हाल ही में चंडीगढ़ की लोकल कोर्ट में एक नई अर्जी लगाई है। इस अर्जी में संदीप सिंह के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास की धाराएं (376 व 511) जोड़ने की मांग की गई है। अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई अब 4 नवंबर को होगी। महिला कोच का कहना है कि उसके साथ केवल छेड़छाड़ नहीं हुई थी, बल्कि दुष्कर्म का पूरा प्रयास भी किया गया था। इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस भी कोर्ट में ऐसी ही मांग को लेकर अर्जी दे चुकी है, लेकिन निचली अदालत ने उस अर्जी को खारिज कर दिया था। अब इस मामले में पीड़िता ने खुद अदालत का रुख किया है।

महिला कोच ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर संदीप सिंह को सीधे तौर पर ललकारा है। महिला कोच ने कहा कि यह वीडियो मेरा संदीप सिंह के लिए है और चाहे वह जूनियर वकील हैं या फिर कोच हैं, जो तेरे चमचे हैं, वे सब मुझे धमकियां दिलवा रहे हैं। महिला कोच ने कहा कि अब धमकियां दिलवाना बिल्कुल बंद कर दे। मैंने तेरा कोई भी कॅरियर बर्बाद नहीं किया है। दो साल का समय कोई कम समय नहीं होता है। मैंने तुझे दो साल का पूरा समय दिया था। मैंने तुझे साफ कहा था कि मुझे टॉर्चर मत कर, लेकिन तू अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

महिला कोच ने आगे बोलते हुए कहा कि सब लड़कियां एक जैसी नहीं होती हैं। मुझे तेरे से किसी भी तरह का कोई बेनिफिट नहीं लेना था। तूने मेरा पूरा कॅरियर पूरी तरह से डिस्ट्रॉय कर दिया है। एक लड़की जिसका इस मामले से कोई भी लेना-देना नहीं था, मेरी नौकरी से लेकर मेरा पूरा कॅरियर तूने खत्म कर दिया है। क्या हुआ, तू तो मेरी जांच करवाने वाला था। सरकार तेरी थी और सारे विभाग तेरे अधीन थे, यहां तक कि मनोहरलाल खट्टर भी तेरे साथ थे।

जब मैंने तेरी सारी करतूतें उन्हें बताईं, तब उन्होंने तेरी सुरक्षा के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया। फिर तुझे प्रोटेक्ट करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के गिल्टी बताने के बावजूद भी वे लोग तेरे सामने चट्टान की तरह खड़े रहे। कैसे तेरा खेल विभाग वापस ले लिया गया, लेकिन तुझे फिर भी कैबिनेट मिनिस्टर बनाकर रखा गया। अब जबकि कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है, तो तू लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए पिछले छह महीने से कोर्ट का समय खराब करके भागता फिर रहा है।

महिला कोच ने अंत में कहा कि अपने तीन-तीन बार किए गए कुकर्मों को अच्छी तरह से याद कर ले। मैं इस जमीन पर तुझे बिल्कुल भी छोड़ने वाली नहीं हूँ। अगर तूने किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं फैलाई थी, तो फिर तू मुझे करोड़ों रुपये के ऑफर क्यों दे रहा था। अब तूने जो कुछ भी गलत किया है, उसका परिणाम तुझे भुगतना ही पड़ेगा। तूने मेरी जांच करवाने के नाम पर हरियाणा कैडर के एक आईपीएस अधिकारी से मेरी सहेली और मेरे परिवार को बहुत परेशान करवाया है। भगवान ने तेरी जांच चंडीगढ़ पुलिस से करवा दी है, जिसने सभी सच्चाइयों को सबके सामने खोल कर रख दिया है।

Share:

Comments

Leave a comment