हरियाणा में इन बिजली उपभोक्ताओं पर मंडराया कनेक्शन कटने का खतरा, आज से शुरू होगी कार्रवाई

हरियाणा में बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कल पानीपत बिजली निगम के गोहाना रोड स्थित सर्कल कार्यालय अधीक्षण अभियंता (SE) की अध्यक्षता में रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई है। इसके साथ ही आज यानि 1 अक्टूबर से बिजली बिल बकायेदारों के कनेक्शन काटने और बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई है।
इन उपभोक्ताओं पर मंडराया खतरा
SE धर्म सुहाग ने बताया कि पानीपत जिले में बिजली निगम के 3.92 लाख उपभोक्ता हैं और इनमें से लगभग 80 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिनपर 5 हजार से लेकर 5 लाख रुपए तक बिजली बिल की राशि का भुगतान बकाया है। यह राशि 200 करोड़ रुपए से ज्यादा है।
उन्होंने बताया कि जिन बिजली उपभोक्ताओं का 20 हजार या इससे ज्यादा ज्यादा बिजली बिल पेंडिंग पड़ा है, ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने का आज से अभियान शुरू किया जाएगा। यदि ये उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान करने पर सहमति जताते हैं तो इन्हें कुछ दिन का समय दिया जाएगा। यदि उसके बाद भी बकाया बिजली बिल जमा नहीं कराते हैं तो दोबारा किसी भी सूरत में बिजली कनेक्शन नहीं छोड़ा जाएगा। प्रतिदिन एसडीओ से प्रोग्रेस रिपोर्ट ली जाएगी। हर एसडीओ को 31 अक्टूबर तक टारगेट पूरा करना होगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गई है। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंचे इसके लिए स्पेशल अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस योजना के तहत सोलर पैनल लगाने पर मध्यमवर्गीय परिवारों का बिजली बिल जीरो हो जाएगा।