रेवाड़ी पुलिस ने बावल रोड पर मारा छापा, चार हजार लीटर पेट्रोल, डीजल और थीनर बरामद

रेवाड़ी पुलिस ने अवैध रूप से रखे गए करीब चार हजार लीटर पेट्रोल, डीजल और थीनर को बरामद किया है। रेवाड़ी सीआईए और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की है। यह छापेमारी बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में की गई है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद सामग्री को लेकर पुलिस उसके स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
भवाड़ी गांव में की गई छापेमारी
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को इस मामले की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने एक सूचना के आधार पर बावल रोड पर स्थित भवाड़ी गांव में यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान मौके से नौ ड्रमों में करीब 2100 लीटर पेट्रोल मिला है। इसके अलावा दो ड्रमों में 540 लीटर डीजल और छह ड्रमों में करीब 1300 लीटर थीनर बरामद हुआ है। इस छापेमारी के दौरान मौके से 26 बड़े खाली ड्रम भी बरामद किए गए हैं।
तेल डिपो और चोरी की आशंका
बावल रोड पर कई बड़ी तेल कंपनियों के डिपो स्थित हैं। इन डिपो में आईओसी और बीपीसीएल समेत छह से अधिक तेल डिपो शामिल हैं। पुलिस को पूरी आशंका है कि इन डिपो से निकलने वाले तेल टैंकरों से तेल चोरी किया जा रहा है। इस चोरी किए गए तेल को अवैध रूप से आगे बेचा जा रहा है। इसी दिशा में पुलिस बरामद तेल के संबंध में लगातार गहनता से जांच कर रही है।
गुजरीवास और करनावास मामलों से कनेक्शन
करीब एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने गांव गुजरीवास में अवैध तेल के भंडारण का बड़ा खुलासा किया था। उस स्थान से करीब 1170 लीटर पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया था। अब भवाड़ी से हुई इस नई बरामदगी के बाद पुलिस दोनों मामलों के बीच संबंध जांच रही है। तेल डिपो क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस की 15 दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले करनावास क्षेत्र में तेल चोरी और अवैध भंडारण के मामले में कार्रवाई की गई थी। उस मामले में पुलिसकर्मियों पर मंथली लेने के गंभीर आरोप सामने आए थे। इन आरोपों के सामने आने के बाद एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।