रेवाड़ी के कमलजीत ने जापान एशियन गेम्स में शूटिंग का स्वर्ण पदक जीतकर रोशन किया देश का नाम

रेवाड़ी जिले के सुलखा गांव के रहने वाले कमलजीत ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस बड़ी जीत से देश और प्रदेश दोनों का नाम रोशन हुआ है। कमलजीत की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को गांव सुलखा में खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव सुलखा में जश्न का माहौल
कमलजीत की जीत की खबर मिलते ही गांव सुलखा में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस जीत का जमकर जश्न मनाया। गांव के लोगों का कहना है कि कमलजीत की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से पूरा गांव गौरवान्वित है। ग्रामीणों के अनुसार उनकी इस सफलता ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
हरियाणा की सुरुचि इंद्र सिंह के साथ जीता मेडल
कमलजीत ने हरियाणा की ही एक अन्य खिलाड़ी सुरुचि इंद्र सिंह के साथ मिलकर यह शानदार प्रदर्शन किया। सुरुचि इंद्र सिंह झज्जर जिले की रहने वाली हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत को इस प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपनी खुशी जताई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्ण पदक विजेता दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।
कमलजीत का पारिवारिक बैकग्राउंड
कमलजीत के परिवार में भी इस जीत के बाद बहुत खुशी का माहौल बना हुआ है। कमलजीत के पिता एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी माता एक ग्रहणी हैं। कमलजीत दो भाइयों में सबसे बड़े हैं और उनका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।
परिवार ने रातभर देखा मुकाबला
कमलजीत के चाचा दिनेश कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि परिवार के सभी सदस्य रातभर टीवी के सामने बैठे रहे। सभी लोग लगातार मुकाबला देख रहे थे और मुकाबला के दौरान परिवार की नजरें लगातार कमलजीत के प्रदर्शन पर टिकी हुई थीं। जैसे ही कमलजीत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, परिवार में खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।