रेवाड़ी में फर्जी इकरारनामा बनाकर 12 लाख रुपये ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित

रेवाड़ी की बावल थाना पुलिस ने जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार करके लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुबासेड़ी निवासी कबूल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को जमीन का मालिक बताकर लोगों से करीब 10 से 12 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद आरोपी ने लोगों को जमीन देने से इनकार कर दिया था।
एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था आरोपी
बावल थाना प्रभारी रणबीर ने रविवार को जानकारी दी कि आरोपी कबूल पिछले करीब एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बचता घूम रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ पांच-छह मामलों में वांछित होने की बात पता चली है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले और हो चुका है भगोड़ा घोषित
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में कुछ मामले बावल थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। इसके अलावा एक मामला कोटकासिम कोर्ट में भी दर्ज बताया गया है। पुलिस के मुताबिक एक मामले में आरोपी को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। एक अन्य मामले में आरोपी को सजा भी हो चुकी है।
फर्जी इकरारनामा तैयार कर लोगों को दिया झांसा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कबूल जिस जमीन को बेचने का सौदा कर रहा था, वह वास्तव में उसकी मालिकाना जमीन नहीं थी। आरोप है कि उसने खुद को जमीन का मालिक बताकर लोगों को जमीन बेचने का झांसा दिया था। इसके बाद उसने वास्तविक जमीन मालिक की जमीन से संबंधित फर्जी इकरारनामा तैयार किया। इस फर्जी इकरारनामा को उसने लोगों को सौंपा और उनसे लाखों रुपये ले लिए।
ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा और आगे की जांच
ठगी का शिकार हुए लोगों ने बाद में उस जमीन को आगे बेचने का प्रयास किया था। इसी दौरान फर्जीवाड़े का यह मामला सामने आया और पुलिस तक शिकायत पहुंची। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में फर्जी इकरारनामा तैयार कर रुपये लेने और बाद में फरार होने में कबूल की मुख्य भूमिका सामने आई है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है।