रेवाड़ी में गोतस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, चलती गाड़ी से तीन गोवंश फेंके

रेवाड़ी में गोतस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, चलती गाड़ी से तीन गोवंश फेंके

रेवाड़ी में गढ़ी बोलनी रोड पर गुरुवार तड़के गोतस्करों से तीन गोवंशियों को मुक्त कराने का बड़ा मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस और गोरक्षक दल की टीम तस्करों का पीछा कर रही थी। तस्कर अपनी गाड़ी के टायर पंचर होने के बावजूद उसे करीब तीन किलोमीटर तक लगातार दौड़ाते रहे। गांव पदैयावास के पास पुलिस और गोरक्षक दल की टीम के करीब पहुंचने पर आरोपियाें ने कथित तौर पर दो बार फायरिंग की। इसके बाद तस्कर चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंककर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर एक्शन में आई पुलिस

डवाना लालपुर गांव के ग्रामीणों ने बुधवार देर रात पुलिस को एक सूचना दी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग गायों को उठाकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और गोरक्षक दल के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद टीम ने आसपास के गांवों में तस्करों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान टीम को गांव कोनसीवास के पास एक संदिग्ध गाड़ी दिखाई दी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पंचर टायर के साथ भागती रही तस्करों की गाड़ी

गाड़ी को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कांटे डाले थे। इन कांटों से गाड़ी के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्करों ने अपना वाहन नहीं रोका। तस्कर पंचर गाड़ी को ही चलाते हुए कोनसीवास से पदैयावास की ओर भागने लगे। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस और गोरक्षक दल की टीम पदैयावास के पास तस्करों के बिल्कुल करीब पहुंच गई।

फायरिंग कर गोवंश फेंककर भागे तस्कर

पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान तस्करों ने टीम पर दो बार फायरिंग की। इसके बावजूद पुलिस टीम ने उनका पीछा जारी रखा। पकड़े जाने के डर से आरोपियाें ने चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंक दिया। इसके बाद तस्कर मौके से फरार होने में सफल हो गए। कसौला थाना पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब आरोपियाें की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Share:

Comments

Leave a comment