रेवाड़ी में एमएसपी से नीचे बाजरा खरीद पर रोष: लोक सेवा मंच ने उठाई आवाज

अनाज मंडी में सिविल सोसायटी के ईमानदार लोगों सहित कृषि-मार्केटिंग बोर्ड के उच्च अधिकारियों व विजिलेंस टीमें तैनात करने की उठी जोरदार मांग
किसानों की समस्याएं जानने के लिए लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने किया अनाज मंडी का दौरा
बाजरा को तुरंत एमएसपी रेट पर खरीदने व अन्य मांगों को लेकर लोक सेवा मंच ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
अन्नदाता किसानों की राष्ट्र-समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका : अशोक प्रधान लोक सेवा मंच
रेवाड़ी /18 सितंबर2026/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
खरीफ की प्रमुख फसल बाजरा की अनाज मंडी में आवक शुरू होने पर राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच ने स्थानीय अनाज मंडी का दौरा करके किसानों के हित में खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया । जनहित में जारी मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत मंच के पदाधिकारियों ने अनेक अन्नदाता किसानों से मुलाकातें कीं और उनका कुशलक्षेम पूछते हुए उनकी ज्वलंत समस्याओं को लेकर बैठक की ।
बैठक में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि राष्ट्र-समाज को आगे बढ़ाने में किसानों का बहुत बड़ा योगदान है । लोकशाही में सरकार की ओर से किसानों को अपना उत्पादन बढ़ाने और उसे सही दामों पर बेचने के बुनियादी हकों पर पूरा ध्यान दिया जाना चाहिए । पिछले करीब 9 माह से लगातार सामाजिक सरोकार एवं जनहित में राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच समाज के सभी समुदायों,विशेषकर किसानों,सीनियर सिटीजंस,महिलाओं,बच्चों,शिक्षत बेरोजगार युवाओं,नर्सिंग स्टाफ,कोर्ट्स व तहसील परिसरों में कार्यरत जनसहायकों, कर्मचारियों,शिक्षकों,मजदूरों,ड्राइवर्स आदि की समस्याएं जानकर उनके हितों की आवाज बुलंद करता आ रहा है ।
सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि बाजारा का प्रदेश सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2900 रुपए प्रति क्विंटल है,जिससे कम रेट पर बाजरा की खरीद हरगिज नहीं की जानी चाहिए । मगर अनेक किसानों ने कहा कि बाजरा की खरीद एमएसपी से नीचे लगभग 2000 से 2150 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास की जा रही है जो नियमों के विरुद्ध किसानों के साथ सरासर अन्याय,आर्थिक शोषण एवं धोखाधड़ी के समान है । किसानों की पुरजोर मांग है कि बाजरा घोषित एमएसपी रेट ₹2900 प्रति क्विंटल से नीचे कतई नहीं खरीदा जाना चाहिए । किसानों ने बताया कि मंडी में जनसुविधाओं का भारी अभाव है । अशोक प्रधान ने जनहित में सरकार से किसानों के खरीफ उत्पादन बाजरा को सुनिश्चित तौर पर एमएसपी रेट से नीचे नहीं खरीदे जाने व मंडी में आनेवाले किसानों को खान-पान,शौचालय,पेयजल जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया । उन्होंने कहा कि जनहित,नियमों की निगरानी के लिए प्रदेशभर की अनाज मंडियों में सिविल सोसायटी के ईमानदार लोगों सहित कृषि एवं मार्केटिंग बोर्ड के उच्च अधिकारियों एवं विजिलेंस की टीमों को तुरन्त तैनात किया जाना चाहिए । इस सिलसिले में मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखने का निर्णय लिया । बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों,अशोक प्रधान लोक सेवा मंच,कोर कमेटी के सदस्यों महेश कौशिक,बीके राम सिंह,राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,दयाराम आर्य,नंदलाल यादव डॉ. सुरेश कुमार,जगमोहन यदुवंशी आदि ने सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया कि सितंबर-अक्टूबर माह के दौरान स्थानीय अनाज मंडी में अनेक बार मौका पर आकर बाजरा की खरीद प्रक्रिया के सभी पहलुओं को देखा जाएगा और समाधान होने तक किसानों के हितों की आवाज बुलंद करने के प्रयास किए जाएंगे ।