रादौर फार्मेसी संस्थान में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह व फार्मासिस्ट दिवस

जीआरआईपी में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह व विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया
रादौर/29 सितंबर 2026 /कुलदीप सैनी/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
ग्लोबल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह एवं विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को औषधि सुरक्षा, दवाओं के तर्कसंगत उपयोग और प्रतिजैविक प्रतिरोध (एएमआर) के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, क्विज, केस चैलेंज, वाद-विवाद, रील निर्माण और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से दवाओं के सुरक्षित उपयोग, प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रिया की रिपोर्टिंग और रोगी देखभाल से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के मिशन स्वस्थ भारत: प्रतिजैविक प्रतिरोध से मुकाबला के तहत डॉ. नेहा यादव ने विद्यार्थियों को एएमआर के प्रति जागरूक किया। डॉ. नेहा यादव ने एंटीबायोटिक्स के जिम्मेदार उपयोग की शपथ दिलाई।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस की इस वर्ष की थीम स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना रही। संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि भावी फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी दवाओं के ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें रोगी देखभाल, औषधि सुरक्षा और जनस्वास्थ्य में भी योगदान देना चाहिए।
संस्थान के चेयरमैन सी.ए. एस.के. जिंदल ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, संचार कौशल और पेशेवर जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।