हिसार के प्रदीप खारिया को सौंपी गई अंडर-23 भारतीय महिला कुश्ती टीम की कमान

हिसार के इंटरनेशनल कुश्ती कोच प्रदीप खारिया को अंडर-23 भारतीय महिला कुश्ती टीम का कोच नियुक्त किया गया है। अमेरिका के लास वेगास में 12 से 18 अक्टूबर तक अंडर-23 विश्व रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय महिला कुश्ती टीम के लिए यह नियुक्ति की गई है।
हिसार के रहने वाले हैं प्रदीप खारिया
हिसार जिले के गांव खारिया निवासी प्रदीप खारिया इस समय भारतीय खेल प्राधिकरण यानि साई के एसटीसी गिरी सेंटर हिसार में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे इस सेंटर में कार्यरत हैं और कुश्ती के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं।
पहले भी संभाल चुके हैं कई बड़ी जिम्मेदारी
इससे पूर्व वे इंटरनेशनल स्तर पर अंडर-17, अंडर-20 और अंडर-23 आयु वर्ग की भारतीय टीम के कुश्ती कोच भी रह चुके हैं। वे वर्ष 2018, 2019, 2021, 2022, 2023, 2024 और 2025 में भी विश्व और एशियन चैंपियनशिप के दौरान भारतीय महिला कुश्ती टीम के कोच रह चुके हैं।
दिग्गजों ने दी बधाई
प्रदीप खारिया को टीम कोच चुने जाने पर खेल जगत के कई दिग्गजों ने खुशी जताई है। रैसलिंग फैडरेशन ऑफ इंडिया यानि डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह, अध्यक्ष संजय सिंह और सहायक सचिव विनोद तोमर ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर, भारतीय खेल प्राधिकरण साई हिसार के सहायक निदेशक विजय मनचंदा व साई स्टॉफ ने भी उन्हें बधाई दी है।