प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना से विनीत ने ऑयल प्रसंस्करण और पैकेजिंग व्यवसाय को बनाया सफल

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना से विनीत ने ऑयल प्रसंस्करण और पैकेजिंग व्यवसाय को बनाया सफल

पीएमएफएमई योजना के तहत सरकारी सहायता का लाभ उठाकर कैथल के पाडला बाईपास चौक निवासी विनीत गर्ग ने अपने ऑयल प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग व्यवसाय को विस्तार दिया है। योजना के तहत 25 लाख रुपये की परियोजना लागत पर उन्हें 10 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनरी, पैकेजिंग मशीन और प्रसंस्करण उपकरण स्थापित कर उत्पादन क्षमता बढ़ाई।

व्यवसाय के विस्तार के लिए मिली पूंजी की मदद

विनीत गर्ग ने बताया कि व्यवसाय के विस्तार के लिए पूंजी की आवश्यकता थी। इसी दौरान उन्हें पीएमएफएमई योजना की जानकारी मिली और उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया। आर्थिक सहायता मिलने के बाद उत्पादन, पैकेजिंग और मार्केटिंग व्यवस्था में सुधार हुआ। बेहतर पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग के माध्यम से उनके उत्पाद स्थानीय बाजार के साथ-साथ अन्य जिलों और विभिन्न बाजारों तक पहुंच रहे हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

स्वरोजगार के साथ अन्य लोगों को मिल रहा रोजगार

उन्होंने बताया कि योजना से मिली सहायता से कारोबार में वृद्धि हुई तथा परिवार की आय भी बढ़ी है। वर्तमान में अपनी इकाई के माध्यम से स्वरोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ वे तीन अन्य लोगों को भी प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं। लाभार्थी विनीत गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारीकरण योजना के माध्यम से मिली सहायता ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे आधुनिक मशीनरी स्थापित करने, उत्पादन बढ़ाने और उत्पादों को बेहतर तरीके से बाजार तक पहुंचाने में मदद मिली।

जिला एमएसएमई केंद्र कैथल द्वारा 83 लाभार्थियों को मिला लाभ

इस योजना के माध्यम से सरकार द्वारा छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को औपचारिक रूप देने, उनकी क्षमता बढ़ाने तथा ब्रांडिंग और मार्केटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए सहायता प्रदान की जा रही है। यह कार्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान को सार्थक कर रहा है। वर्ष 2020 में शुरू हुई इस योजना के तहत जिला एमएसएमई केंद्र कैथल द्वारा अब तक 83 लाभार्थियों को लाभ दिया जा चुका है। योजना से स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। अपराजिता, उपायुक्त, कैथल

Share:

Comments

Leave a comment