विधायक विमला चौधरी रोटी दिया कि आग पर नहीं- चूल्हे की आग पर ही बनेगी

विधायक जी, रोटी दिया कि आग पर नहीं- चूल्हे की आग पर ही बनेगी
वेतन के बिना कर्मचारियों के घर में कैसे जल रहे चूल्हे गांव में आकर यह भी देखो
परिषद ग्रामीण पंप ऑपरेटर्स की विधायक विमला चौधरी से मार्मिक अपील
दिया जलाने की फोटो तो खूब खींचेगी, एक फोटो गरीब का चूल्हा पर भी खिंचवाओ
आगामी सप्ताह 2 दिन परिषद ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर्स ट्यूबवेल नहीं चलाने पर गंभीर
इन हालात के लिए विधायक और पटौदी जाटोली मंडी परिषद प्रशासन जिम्मेदार
फतह सिंह उजाला /पटौदी /15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी जाटोली मंडी परिषद के ग्रामीण ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर ने कहा शासन प्रशासन, सिस्टम, विधायक महोदय और पटौदी जाटोली मंडी परिषद प्रशासन 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार की योजना के मुताबिक अनगिनत दिए जलाए जाएंगे। अपने 4 वर्ष के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन पर पटौदी जाटोली मंडी परिषद कार्यालय के सामने बैठे कर्मचारियों ने विधायक विमला चौधरी से सवाल किया है, कि क्या कर्मचारी के परिवारों की रोटी दिया कि आग पर बनेगी ? नहीं परिवार की रोटी बनाने और पेट भरने के लिए चूल्हा का जलाया जाना बहुत जरूरी है। विधायक जी गुरुवार को कम से कम सरकारी कार्य योजना के तहत दिया जलाए जाने से पहले परिषद के ग्रामीण ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर के गांव पहुंचकर उनके घरों में एक बार चूल्हा अपने हाथों से अवश्य जलाएं। जिससे यह पता लगेगा कि 4 वर्ष से बिना वेतन के कर्मचारी किन हालात में चूल्हा जलाकर अपने घर परिवार का पेट भर रहे हैं।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक एवं सरकारी दस्तावेज के अनुसार प्रधान सचिव शहरी स्थानीय निकाय विभाग की अधिसूचना नंबर 8/28/ 2022 - 4c11, 2022 के द्वारा परिषद में शामिल गांव को मिलाकर पटौदी जाटोली मंडी परिषद का गठन किया गया। इसमें शामिल पंचायत को नगर परिषद में समायोजित किया गया। उस दिन से ट्यूबवेल पर काम करने वाले पंप ऑपरेटर को लगभग 4 वर्षों से वेतन नहीं मिला है । पंप ऑपरेटर के नियोक्ता अधिकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद गुड़गांव है । इसके बाद से ग्रामीण पंप ऑपरेटर अपने मासिक वेतन(4 वर्ष) के भुगतान के लिए एक विभाग से दूसरे विभाग और राजनेताओं के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हो गए हैं।
कथित सरकारी बंधवा मजदूर की तरह से काम करने को मजबूर परिषद के ग्रामीण 12 पंप ऑपरेटर 31 अगस्त 2026 से पटौदी जाटोली मंडी परिषद जॉन दो कार्यालय के सामने धरना का मोर्चा खोले हुए हैं। इनकी एक ही मांग है वह किसी व्यक्ति विशेष के लिए काम नहीं कर रहे। जिस भी विभाग के लिए काम किया जा रहा है, संबंधित विभाग के द्वारा उनके वेतन का अभिलंब भुगतान किया जाए। धरना प्रदर्शन में मोर्चा खोले हुए श्री भगवान, कुलदीप, धर्म , रामकिशन , जिले, करतार, मनीष, कुलदीप ,राजेंद्र सिंह, जयप्रकाश, राज्य प्रधान धर्म दत्त ,तेजू ,सुभाष ,सुरेंद्र, देवेंद्र इत्यादि का कहना है कि वेतन के बिना कर्मचारियों की आर्थिक हालात बहुत ही चिंताजनक हो चुकी है। बाजार से उधर मिलना बंद हो चुका है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई, बीमारी के समय में उपचार कराना ,रिश्ते नातेदारी में आवागमन तक बहुत बड़ा चैलेंज बन गया है।
कर्मचारियों के द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि आगामी सप्ताह में 2 दिन के लिए पटौदी जाटोली मंडी परिषद सीमा क्षेत्र में शामिल ट्यूबेल पंप ऑपरेटर के द्वारा तालाबंदी कर पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। इस हालात के लिए पूरी तरह से पटौदी की विधायक विमला चौधरी, पटौदी जाटोली मंडी परिषद प्रशासन, संबंधित गांव के रहने वाले चुने हुए जिला परिषद के पार्षद और चेयरमैनशिप सहित वाइस चेयरमैन की जवाब देही होगी।