पलवल में अवैध पटाखा बनाने के नेटवर्क का भंडाफोड़, 1.72 लाख पटाखा माचिस बरामद

पलवल पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांदहट क्षेत्र के गांव घाघोट में अवैध रूप से पटाखे बनाने और पैक करने के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन मकानों पर छापेमारी कर 360 पेटियों में कुल 1,72,800 पटाखा माचिस बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
थाना चांदहट प्रभारी निरीक्षक भगवान ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त और अपराध तलाश के दौरान कटेसरा गांव के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक खास सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार घाघोट गांव निवासी लियाकत, जहीर और सकुर, तीनों पुत्र फजरुदीन, बिना किसी लाइसेंस और परमिट के अपने-अपने मकानों में अवैध रूप से पटाखे यानी कलर माचिस बनाने और पैक करने का काम कर रहे थे।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई तलाशी
पुलिस टीम ने जब मौके पर जाकर दबिश दी तो टीम को देखकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपियों के मकानों की पूरी तलाशी ली। तलाशी के दौरान लियाकत के मकान से 124 पेटी, जहीर के मकान से 139 पेटी और सकुर के मकान से 97 पेटी पटाखे बरामद किए गए।
कुल 360 पेटियों में थीं इतनी माचिस
पुलिस के अनुसार कुल 360 पेटियों में प्रत्येक पेटी में 48 बॉक्स और प्रत्येक बॉक्स में 10 माचिस थीं। इस प्रकार कुल 17,280 बॉक्स और 1,72,800 पटाखा माचिस बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामद की गई सभी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज और गिरफ्तारी के प्रयास
पुलिस ने लियाकत, जहीर और सकुर के खिलाफ थाना चांदहट में विस्फोटक अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार चल रहे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है ताकि जल्द से जल्द उन्हें पकड़ा जा सके।