पलवल में पूर्व सैनिक को बेहोश कर लूटी लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस, नेशनल हाईवे-19 पर वारदात

पलवल में पूर्व सैनिक को बेहोश कर लूटी लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस, नेशनल हाईवे-19 पर वारदात

पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर मुंडकटी थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। ईको गाड़ी में सवार बदमाशों ने सेना के सेवानिवृत्त जवान के साथ मारपीट की है। बदमाशों ने जवान की लाइसेंसी पिस्टल, 19 कारतूस, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित को गुदराना रोड के पास सड़क किनारे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। एक राहगीर की सूचना मिलने पर पुलिस ने पूर्व फौजी को अस्पताल पहुंचाया। मुंडकटी थाना पुलिस ने अज्ञात ईको चालक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

बल्लभगढ़ बस स्टैंड से पकड़ी थी ईको गाड़ी

मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाशचंद ने गुरुवार को मामले की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी नरेश कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं। नरेश कुमार वर्तमान में बल्लभगढ़ में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर रहे हैं। नरेश कुमार ड्यूटी के सिलसिले में बल्लभगढ़ आए थे। वहां उन्हें साथी सुरक्षाकर्मी नहीं मिले। इसके बाद वह अपना बैग और लाइसेंसी पिस्टल लेकर अपने घर वापस जाने के लिए बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचे। नरेश कुमार अलीगढ़ जाने के लिए बल्लभगढ़ बस स्टैंड से एक ईको गाड़ी में सवार हुए थे। वह गाड़ी की कंडक्टर सीट पर बैठे थे। उन्होंने अपना बैग पीछे की तरफ रख दिया था। उनके पास कमर की बेल्ट में लाइसेंसी पिस्टल, 19 कारतूस, पिस्टल का लाइसेंस, पहचान पत्र और मोबाइल फोन मौजूद था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रस्ते में अचानक बेहोश हुए पूर्व सैनिक

शिकायत के अनुसार, बल्लभगढ़ से कुछ किलोमीटर आगे जाने के बाद नरेश कुमार अचानक बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो वह मुंडकटी थाना क्षेत्र के गुदराना रोड पर सड़क किनारे पड़े हुए थे। उनके सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी। पिस्टल सहित उनका सारा सामान गायब था। सड़क किनारे घायल और बेहोशी की हालत में पड़े नरेश कुमार को एक राहगीर ने देखा। उस राहगीर ने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल होडल पहुंचाया। बाद में परिजनों के वहां पहुंचने पर उन्हें पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच

मुंडकटी थाना पुलिस ने नरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात ईको चालक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने इस वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए गदपुरी टोल प्लाजा और नेशनल हाईवे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की जल्द पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के कड़े प्रयास में जुटी हुई है।

Share:

Comments

Leave a comment