ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना को बड़ी रफ्तार, दूसरे चरण के टेंडर को मंजूरी

ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो परियोजना के काम में तेजी आ गई है। हरियाणा सरकार ने ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो के विस्तार के दूसरे चरण के लिए टेंडर को मंजूरी प्रदान कर दी है। गुरुग्राम मेट्रो रेल कारपोरेशन यानी GMRL अगले एक सप्ताह में इसके लिए टेंडर जारी कर सकता है।
मेट्रो विस्तार और रूट की जानकारी
सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक कुल 15.3 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। आने वाले दिनों में गुरुग्राम मेट्रो रेल कारपोरेशन सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद टेंडर जारी कर देगा। दूसरे चरण में मेट्रो के लिए सेक्टर नौ से डीएलएफ साइबर सिटी तक के लिए मेट्रो लाइन बिछाई जानी है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत कुल 30.5 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग तैयार होना है।
दोनों चरणों के मेट्रो स्टेशन
दोनों चरण मिलाकर कुल 28 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं। पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, यूनिटेक साइबर पार्क, सेक्टर-37, सेक्टर-101, सेक्टर-नौ समेत अन्य मेट्रो स्टेशन का निर्माण होना है। दूसरे चरण में 15.3 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाने में करीब 1662 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
डबल डेकर लाइन और ट्रैफिक व्यवस्था
कुछ इलाकों में जगह कम होने तथा ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए डबल डेकर लाइन बनाई जाएगी। एक एलिवेटेड रोड बनेगी जिस पर वाहन चलेंगे और इसके ऊपर से मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा जिस पर मेट्रो चलेगी। यह विशेष व्यवस्था पालम विहार, कृष्णा चौक सुशील एमा मार्ग, ओल्ड दिल्ली रोड तथा कुछ अन्य इलाकों में की जाएगी।
सेकंड फेज के सभी नए स्टेशन
सेकेंड फेज में कुल 14 नए स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। इन स्टेशनों में सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, सेक्टर-21, उद्योग विहार फेज-एक और डीएलएफ साइबर सिटी शामिल हैं।