नूंह के सरकारी स्कूल में लगा विधिक जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मिली पॉक्सो और साइबर अपराध से बचने की जानकारी

नूंह के सरकारी स्कूल में लगा विधिक जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मिली पॉक्सो और साइबर अपराध से बचने की जानकारी

नूंह, 25 सितंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छापेड़ा में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नूंह के तत्वावधान में एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि नेहा गुप्ता ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। नेहा गुप्ता ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसे समय में इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए।

उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों एवं कानून के प्रति हमेशा जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रोमिला कुमारी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मान एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment